पश्चिम बंगाल: स्मृति ईरानी ने स्कूटी पर सवार होकर किया रोड शो, कहा- बंगाल में जरूर खिलेगा कमल
कोलकाता। पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान आज शाम को चुनाव आयोग की तरफ से किया जाएगा। चुनावों की तारीख से पहले भारतीय जनता पार्टी ने सभी पांच राज्यों में चुनाव प्रचार में अभी से अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, लेकिन सबसे ज्यादा नजर पश्चिम बंगाल पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्री अभी से बंगाल में जा-जाकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इस बीच शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी पश्चिम बंगाल पहुंची। स्मृति ईरानी ने 24 परगना जिले में एक रोड शो किया। ये रोड शो बाइक रैली के रूप में आयोजित किया गया, जिसमें स्मृति ईरानी स्कूटी पर सवार नजर आईं। इस दौरान केंद्रीय मंत्री के रोड शो में जबरदस्त भीड़ भी देखने को मिली।

Recommended Video
बंगाल में खिलेगा कमल का फूल- स्मृति ईरानी
ये तस्वीरें 24 परगना जिले के पंचपोता इलाके की हैं, जहां स्मृति ईरानी कार्यकर्ताओं से घिरी हुई हैं। इस दौरान स्मृति ईरानी के साथ बीजेपी नेता रूपा गांगुली और दूसरे बड़े नेता भी नजर आए। इस दौरान स्मृति ईरानी ने कहा कि हम आभारी हैं बंगाल की जनता के, जो बीजेपी को अपार जनसमर्थन दे रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल के लोग ऐसे रोड शो में या फिर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के द्वारा किए जाने वाले कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं, जो इस बात का संकेत है कि इस बार बंगाल में कमल का फूल खिलेगा।
इस दौरान स्मृति ईरानी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बंगाल में टीएमसी की हिंसा ने उनके शासन को परिभाषित कर दिया है। बंगाल में लोकतांत्रिक में आवाजों ने ये तय किया है कि टीएमसी को इस बार विधानसभा चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ेगा।
आपको बता दें कि गुरुवार को ममता बनर्जी भी स्कूटर पर सवार होकर सचिवालय पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने अपने गले में एक पोस्टर भी लटकाया हुआ था, जिसपर पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में नारे लिखे हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications