केरल में राहुल गांधी पर स्मृति ईरानी का तंज, वायनाड से भी कीजिए विदा नहीं तो अमेठी जैसा कर देंगे हाल
केरल में एक कार्यक्रम के दौरान स्मृति ईरानी ने कहा कि राहुल गांधी को यहां से भी विदा कर दीजिए नहीं तो वह वायनाड का भी वही हाल करेंगो जो उन्होंने अमेठी का किया है।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। केरल के तिरुवनंतपुरम में एक कार्यक्रम के दौरान स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर वह वायनाड रहते हैं तो यहां का भी हाल अमेठी की तरह कर देंगे।
स्मृति ईरानी ने कहा कि मैंने उन्हें अमेठी से वायनाड भेजा। जब वह अमेठी के सांसद थे तो 80 फीसदी लोगों को बिजली नहीं मिल पा रही थी, एक भी फायर स्टेशन नहीं था, कोई मेडिकल कॉलेज नहीं था, ना एक भी केंद्रीय विद्यालय था।
राहुल गांधी जब अमेठी से रवाना हुए तो ये तमाम सुविधाएं लोगों के लिए मुहैया हो सकी। अगर वह वायनाड में रुके रहते है तो वह इसका भी हाल अमेठी की तरह कर देंगे। लिहाजा आपको यह सुनिश्चित करना है कि वह यहां पर ना टिके।
गौर करने वाली बात है कि राहुल गांधी को मानहानि मामले में गुजरात की कोर्ट ने दोषी करार देते हुए दो साल की सजा सुनाई थी, जिसकी बाद उनकी संसद की सदस्यता खत्म हो गई थी।
भारतीय मजदूर संघ केरल की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय महिला श्रम सम्मेलन के कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे राहुल गांधी को अमेठी से विदा करने का मौका मिला।
स्मृति ईरानी ने कहा कि जब राहुल अमेठी के सांसद थे तो वहां जिला अस्पताल में एक भी डायलिसिस नहिीं थी, एक्स रे मशीन नहीं थी, यहां कोई सैनिक स्कूल नहीं था। लेकिन उनके जाने के बाद यहां ये तमाम सुविधाएं लोगों के लिए उपलब्ध हुई। बुनियादी ढांचा मजबूत हुआ।
इस दौरान स्मृति ईरानी ने युवा डॉक्टर वंदना दास की हत्या का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी के बाद भी महिला डॉक्टर की हत्या कर दी गई।












Click it and Unblock the Notifications