अब इस राज्य में महिलाओं को मिलेगा एक साल का मातृत्व अवकाश, मुख्यमंत्री ने किया ऐलान
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने गर्भवती महिलाओं को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार महिलाओं को 12 महीने की मातृत्व अवकाश और एक महीने का पितृत्व अवकाश देगी।
सिक्किम स्टेट सिविल सर्विस ऑफिसर्स असोसिएशन के वार्षिक समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सुविधा का लाभ देने के लिए सेवा नियमों में संशोधन किया जाएगा। इस संशोधन से सरकारी कर्मचारियों को अपने बच्चों और परिवार का अच्छे से खयाल रखने में मदद मिलेगी। जल्द ही इसको लेकर विस्तृत अधिसूचना जारी की जाएगी।

मातृत्व लाभ एक्ट 1961 के तहत नौकरी करने वाली महिलाओं को 6 महीने का अवकाश या 26 हफ्ते का अवकाश मिलता है। सिक्किम की बात करें तो यहां की आबादी सिर्फ 6.32 लाख है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रशासन की अधिकारी रीढ़ होते हैं, वह सिक्किम और यहां के लोगों की उन्नति में अहम भूमिका निभाते हैं। सिविल सेवा के अधिकारियों को प्रमोशन देने की प्रक्रिया को भी तेज किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोगों का प्रमोशन हो सके। उन्होंने नवनिर्वाचित आईएएस और सिक्किम सिविल सर्विसेज के अधिकारियों को बधाई दी, उन्हें सफल करियर की शुभकामनाएं दी।












Click it and Unblock the Notifications