सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड: गोल्डी बराड़ के खिलाफ इंटरपोल ने जारी किया रेड कॉर्डर नोटिस
नई दिल्ली, 9 जून। मशहूर पंजाबी गायक शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड मामले में इंटरपोल ने गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। सिद्धू मूसेवाला की पिछले महीने 29 मई को पंजाब के मानसा जिले के जवाहरके गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कनाडा में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली थी।

29 मई 2022 की शाम को मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की गाड़ी पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थीं। जिसमें मौके पर ही मूसेवाला की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मूसेवाला के शरीर पर 23 गोलियों के निशान मिले थे।
हत्याकांड के कुछ ही घंटे बाद गोल्डी बराड़ ने एक फेसबुक पोस्ट में हत्या की जिम्मेदारी ली थी। उसने लिखा था कि तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथ मिलकर उसने सिद्धू मूसेवाला की हत्या की थी।
गोल्डी बराड़ ने दावा किया था कि उसने अकाली नेता विक्की मिदूखेड़ा की हत्या का बदला लेने के लिए सिद्धू मूसेवाला को मारा है। विक्की मिदूखेड़ा की साल 2021 में मोहाली में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में बाद में सिद्धू मूसेवाला के मैनेजर का नाम सामने आया था लेकिन गिरफ्तारी के पहले ही वह देश छोड़कर भाग गया था।












Click it and Unblock the Notifications