Shraddha Murder Case में लव जिहाद का एंगल ! मृतका के पिता ने जताई आशंका, आफताब की हैवानियत कंपा देगी रूह
Shraddha Murder Case में लव जिहाद की आशंका जताई जा रही है। मृतका के पिता ने आरोपी आफताब के लिए मौत की सजा की मांग की है। shraddha murder case father suspects love jihad angle after aftab arrest
Shraddha Murder Case इंसानियत को शर्मसार करने के साथ-साथ रूह को कंपाने वाली वारदात है। श्रद्धा मर्डर केस में पीड़िता के पिता को 'लव जिहाद' का शक है। उन्होंने हत्या के बाद शरीर के टुकड़े करने जैसी हैवानियत करने वाले आरोपी आफताब के लिए मौत की सजा की मांग की है। महाराष्ट्र की रहने वाली लड़की श्रद्धा वाकर दिल्ली भागी थी, लेकिन शायद उसे ये अंदाजा नहीं रहा होगा कि घरवालों की मर्जी के खिलाफ लिव इन रिलेशन में रहने का फैसला और बगावत करना उसकी जिंदगी का आखिरी फैसला साबित हो जाएगा।

श्रद्धा के पिता आफताब के संपर्क में नहीं
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक श्रद्धा के पिता, विकास वाकर ने कहा, "मुझे लव जिहाद कोण पर संदेह है। हम आफताब के लिए मौत की सजा की मांग करते हैं। मुझे दिल्ली पुलिस पर भरोसा है और जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। श्रद्धा अपने चाचा के करीब थी। मुझसे ज्यादा बात नहीं करती थी। मैं आफताब के संपर्क में भी कभी नहीं रहा। मैंने मुंबई के वसई में पहली शिकायत दर्ज कराई।"

क्या हत्या की साजिश के लिए दिल्ली में फ्लैट लिया ?
श्रद्धा वॉकर हत्याकांड की दिल्ली पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी आफताब पूनावाला एक फूड ब्लॉगर था। राष्ट्रीय राजधानी के कॉल सेंटर में काम करने वाला आफताब श्रद्धा के साथ लिव इन रिलेशन में रह रहा था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या उसने पीड़िता की हत्या की साजिश के तहत दिल्ली के छतरपुर इलाके में एक फ्लैट किराए पर लिया था ?

तीन साल से रिलेशनशिप में था कपल
पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि दोनों पार्टनर के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 2022 में दिल्ली शिफ्ट होने से पहले ये कपल 2019 में ही रिलेशनशिप में आ गया था। कुछ समय के लिए महाराष्ट्र में रहने के बाद ट्रैवल प्लान बना और दोनों कई जगहों पर एक साथ घूमते रहे। पुलिस के मुताबिक इस साल मार्च-अप्रैल में वे हिल स्टेशन गए थे। दोनों मई में कुछ दिनों के लिए हिमाचल प्रदेश भी गए थे और साथ में रुके भी थे। यहां उनकी मुलाकात दिल्ली के छतरपुर में रहने वाले एक शख्स से हुई।

दोस्त के साथ रहे, फिर दूसरे फ्लैट में शिफ्ट हुए
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली शिफ्ट होने के बाद, वे शुरुआत में उसी शख्स के फ्लैट पर रुके थे, जिससे वे हिमाचल में मिले थे। हालांकि, साथ रहने के बावजूद आफताब और श्रद्धा के रिश्तों की खटास खत्म नहीं हुई। बाद में आफताब ने छतरपुर में एक फ्लैट किराए पर और श्रद्धा के साथ इसी फ्लैट में शिफ्ट हो गया। 18 मई को छतरपुर के फ्लैट में झगड़ा होने के बाद कथित तौर पर आफताब ने श्रद्धा का गला घोंटकर उसे मौत की नींद सुला दिया।

रात दो बजे लाश के टुकड़े फेंकता था
Shraddha Murder Case की जांच कर रही पुलिस को पता चला है कि हत्या के कुछ दिन पहले ही कमरा किराए पर लिया गया था। पुलिस सूत्रों ने कहा, "यह भी जांच का विषय है कि क्या आफताब ने पहले ही उसकी हत्या की साजिश रच ली थी ?" आरोपी आफताब ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि सुनसान माहौल में लोगों की आवाजाही कम होने के कारण आधी रात के कुछ देर बाद करीब 2:00 बजे शव के टुकड़ों को ठिकाने लगाने जाता था।

फूड ब्लॉगर की पहचान, हजारों फॉलोअर्स
पुलिस को पता चला है कि आरोपी आफताब ने ग्रेजुएशन किया है और परिवार के साथ मुंबई में रहता है। पुलिस के मुताबिक कुछ समय पहले तक श्रद्धा और आफताब दोनों कॉल सेंटर में काम करते थे। आफताब के सोशल मीडिया को देखने से पता चलता है कि उसने कुछ समय के लिए फूड ब्लॉगिंग भी की थी। हालांकि, लंबे समय से उसने ब्लॉगिंग की कोई वीडियो पोस्ट नहीं की है। आखिरी पोस्ट फरवरी महीने में आई थी। इसके बाद प्रोफाइल पर कोई गतिविधि नहीं हुई। इंस्टाग्राम पर आफताब के 28,000 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।

बॉडी पार्ट्स प्लास्टिक में भरने के बाद फेंकता था
रिपोर्ट्स में ये भी पता चला है कि श्रद्धा की हत्या के बाद आफताब शाम 6-7 बजे तक घर आ जाता था। ANI सूत्रों ने कहा, घर लौटने के बाद आफताब फ्रिज में रखे शव के टुकड़ों को डिस्पोजल के लिए ले जाता था। काली प्लास्टिक में भरने के बाद शव के टुकड़ों को मेहरौली जंगल में प्लास्टिक से निकालकर फेंकता था। ऐसे में यह पता लगाना मुश्किल हो गया कि क्या शव के टुकड़े फेंके गए या अवशेष जानवरों के शिकार के कारण जंगल में पाए गए।

आरोपी आफताब पांच दिन की पुलिस रिमांड पर
दिल्ली पुलिस ने छह महीने पुराने इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने का दावा कर रही है। 28 वर्षीय लिव-इन पार्टनर श्रद्धा की हत्या कर उसके शरीर को 35 टुकड़ों में काटने और राष्ट्रीय राजधानी के आसपास छतरपुर एन्क्लेव के जंगली क्षेत्रों और मेहरौली जंगल के अलग-अलग जगहों पर शव के टुकड़ों को फेंकने के आरोप में आफताब अमीन पूनावाला (28) को मृतका के पिता की शिकायत के बाद मर्डर के आरोप में गिरफ्तार किया गया। शनिवार को पकड़ा गया आरोपी पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

झगड़े में आपा खोया, गला घोंट दिया
ANI की रिपोर्ट के मुताबिक डीसीपी, दक्षिणी दिल्ली अंकित चौहान ने बताया कि जांच में आफताब और श्रद्धा के एक डेटिंग साइट पर मिलने की बात सामने आई है। तीन साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे इस कपल के बीच उस समय तनाव बढ़ गया जब श्रद्धा ने शादी का दबाव बनाना शुरू किया। डीसीपी चौहान ने कहा, "दोनों अक्सर झगड़ते थे और झगड़ा नियंत्रण से बाहर हो जाता था। 18 मई को झगड़े के बाद आफताब ने अपना आपा खो दिया और श्रद्धा का गला घोंट दिया।"

बदबू से बचने के लिए खरीदा फ्रिज
दिल्ली पुलिस ने श्रद्धा के पिता की शिकायत पर 10 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने बताया कि आफताब ने गूगल पर सर्च करने के बाद फर्श पर लगे खून के धब्बे को किसी केमिकल से साफ किया और दाग लगे कपड़ों को भी नष्ट कर दिया। शव को बाथरूम में शिफ्ट करने के बाद पास की एक दुकान से फ्रिज खरीदा और शव के छोटे-छोटे टुकड़े कर फ्रिज में रख दिए जिससे बदबू के कारण किसी को कोई शक ना हो।

कई लड़कियों से संबंध, अमेरिकन क्राइम ड्रामा सीरीज देखी
सूत्रों ने आगे कहा, आफताब रोज उसी कमरे में सोता था, जहां उसने श्रद्धा की हत्या करने के बाद शव के टुकड़े किए थे। वह फ्रिज में रखा चेहरा देखता था। आफताब ने शरीर के अंगों को ठिकाने लगाने के बाद फ्रिज की सफाई भी की थी। एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक सूत्रों ने बताया कि श्रद्धा से पहले भी आफताब के कई लड़कियों से संबंध थे। अपराध करने से पहले उसने कई क्राइम फिल्में और वेब सीरीज भी देखीं, जिनमें अमेरिकन क्राइम ड्रामा सीरीज डेक्सटर भी शामिल है।

ढाई महीने से बंद था मोबाइल
सितंबर में श्रद्धा की सहेली ने परिवार को बताया कि पिछले ढाई महीने से श्रद्धा से उनका कोई संपर्क नहीं था और उसका मोबाइल नंबर भी बंद था। परिवार ने सोशल मीडिया अकाउंट्स भी चेक किए लेकिन और कोई अपडेट नहीं मिला। नवंबर में श्रद्धा के पिता विकाश मदन वॉकर ने पालघर (महाराष्ट्र) में पुलिस के पास गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

2021 में पिता से हुई श्रद्धा की बात
श्रद्धा से बातचीत के सवाल पर पिता ने इंडिया टुडे से कहा, उन्होंने अपनी बेटी से 2021 में बात की थी लेकिन महीना और दिन याद नहीं है। हालांकि, वे इतना कह सकते हैं कि आफताब से मिलने के बाद उनकी बेटी बदल गई। जब तक वह उससे मिली नहीं थी, तब तक वह फैशन नहीं करती थी। इस लड़के (आफताब) से दोस्ती करने के बाद उसकी जीवनशैली बदल गई। उसके दोस्तों ने बताया कि श्रद्धा आफताब के साथ रिश्ता खत्म नहीं करना चाहती है। पिता ने कहा, उन्होंने पहले श्रद्धा से कहा था कि आफताब के साथ बने रहना सही नहीं है। लेकिन मुझे यकीन था कि वह उस व्यक्ति को नहीं छोड़ेगी। एक विशेषज्ञ भी देखकर हैरान थे कि श्रद्धा आफताब का साथ छोड़ने पर क्यों राजी नहीं है।

'मुझे लगा कि मेरी बेटी ठीक है'
पिता विकास ने आफताब के साथ बातचीत के सवाल पर कहा, "जब मेरी पत्नी की मौत हुई तो आफताब उनसे मिलने आया। मैं अपनी पत्नी की मृत्यु का शोक मना रहा था, ऐस में उससे कुछ कहा नहीं। मैं सोच रहा था कि श्रद्धा ठीक है और वह कहीं चली गई होगी। मुझे लगा कि मेरी बेटी सकुशल है।" यह पूछे जाने पर कि आफताब ने मुंबई पुलिस से क्या कहा था, पिता ने कहा, "आफताब ने कहा कि श्रद्धा और उसका ब्रेकअप हो गया था। उसने श्रद्धा का बैग पैक किया और दोनों के रास्ते जुदा हो गए।

आफताब के साथ रहने पर अड़ी
बकौल विकास उन्होंने आफताब से कहा, ''तुम लोग दो साल से ज्यादा समय से रिलेशनशिप में रहे। कम से कम हमें सूचित करना तुम्हारी जिम्मेदारी थी'' पिता ने बताया कि जब उन्होंने श्रद्धा से अपनी पसंद के किसी व्यक्ति से शादी करने के लिए कहा, तो उसने मना कर दिया। वह आफताब के साथ रहने पर अड़ी थी।

आफताब के कबूलनामे पर सवाल
मृतका के पिता से पूछा गया कि क्या पुलिस उन्हें उस घर में ले गई थी जहां श्रद्धा और आफताब साथ रहते थे ? इस पर उन्होंने बताया, "हां, पुलिस मुझे ले गई थी।" उन्होंने कहा कि आफताब अपराध स्थल और क्राइम की डिटेल 'सामान्य रूप से' समझा रहा था, लेकिन आफताब के अपराध कबूल करने के बाद वे कुछ भी सुनने या कहने की स्थिति में नहीं, लेकिन अगर उसने एक दिन के भीतर तुरंत अपराध कबूल कर लिया तो इस पर कैसे विश्वास किया जा सकता है। अगर किसी ने किसी की हत्या की है, तो वह कबूल क्यों करेगा ? श्रद्धा के पिता ने कहा, जब तक मौत की रिपोर्ट को अंतिम रूप नहीं दिया जाता, तब तक वे आफताब पर विश्वास नहीं करेंगे।

अगर टुकड़े किए हैं तो उसे भी काट डालो
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक श्रद्धा के पिता विकास वॉकर ने कहा, उन्हें अभी भी उम्मीद है, क्योंकि आरोपी आफताब ने पुलिस के सामने अलग-अलग बयान दिए हैं। ऐसे में तथ्यों की पुष्टि बाकी है। उन्होंने कहा, पुलिस ने केवल 8-10 टुकड़े बरामद किए हैं। आफताब ने मुंबई पुलिस के सामने झूठ बोला लेकिन उसने दिल्ली पुलिस के सामने हत्या का जुर्म कबूल लिया। 'आफताब को फांसी होनी चाहिए।' उन्होंने कहा कि अगर मौत की सजा से भी बदतर कोई सजा होती तो वह आफताब के लिए वही चाहते हैं। "अगर उसने शव के टुकड़े टुकड़े किए हैं तो उसके भी टुकड़े टुकड़े हों। फांसी दीजिए, उससे बुरा हो तो वह भी करो।

पूछताछ के दौरान आफताब ने गुनाह कबूला
शुरुआती जांच के दौरान श्रद्धा की आखिरी लोकेशन दिल्ली में मिली और इसी के आधार पर मामला दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया। ANI की रिपोर्ट के मुताबिक आफताब ने पुलिस की पूछताछ के दौरान अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसने बताया है कि अक्सर लड़ाई होती थी क्योंकि श्रद्धा उस पर शादी के लिए दबाव बना रही थी। आरोपी आफताब की गिरफ्तार के बाद महरौली पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या) और 201 (किए गए अपराध के साक्ष्य को गायब करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।" पुलिस ने आफताब के किराए के फ्लैट से कुछ हड्डियाँ भी बरामद कीं हैं। अधिकारियों के मुताबिक शरीर के बाकी हिस्सों को बरामद करने के प्रयास जारी हैं।












Click it and Unblock the Notifications