शिवसेना के नेता का दावा, भाजपा नेता एकनाथ खड़से हमारे संपर्क में
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी की सरकार शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी के गठबंधन में चल रही है। ऐसे में इस सरकार को स्थिर बनाए रखने के लिए तीनों ही दल अपनी कोशिश में जुटे हैं। इन सब के बीच प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और शिवेना नेता गुलाबराव पाटिल ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता एकनाथ खड़से मेरे संपर्क में हैं। यही नहीं पाटिल ने कहा कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मुलाकात करेंगे। बता दें कि वरिष्ठ भाजपा नेता ने कई मौकों पर अपनी पार्टी के सदस्यों के साथ मतभेद जाहिर किया था।

हाल ही में दिए एक साक्षात्कार में खडसे ने कहा था कि पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और वरिष्ठ नेता गिरीश महाजन उनका राजनीतिक सफर खत्म करना चाहते थे। लेकिन बाद में अपने बयान पर सफाई देते हुए खडसे ने कहा कि हमारे बीच कुछ गलतफहमियां हैं जिसका जल्द समाधान किया जाएगा मीडिया से बात करते हुए गुलाबराय पाटिल ने कहा कि मैंने और खडसे ने जिला परिषद के चुनाव पर बात की है, वह हमारी मदद के लिए राजी हैं। उनका नेटवर्क हमारे लिए मददगार साबित होगा।
जब पाटिल से पूछा गया कि जिला परिषद में आपकी ताकत क्या है तो पाटिल ने कहा कि मैंने कहा है कि हमारे नंबर कम हैं, लेकिन भाजपा के पांच सदस्य और खड़से हमारे संपर्क में हैं। मैं उद्धव जी से मुलाकात करूंगा, यह उनपर निर्भर है कि वह इस मामले में क्या फैसला लेना चाहते हैं। बता दें कि शिवसेना ने विधानसभा चुनाव भाजपा के साथ मिलकर लड़ा था, लेकिन चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद शिवसेना मुख्यमंत्री की कुर्सी की मांग करने लगी, जिसके चलते भाजपा और शिवसेना एक दूसरे से अलग हो गए।












Click it and Unblock the Notifications