शीला की नजर में दिल्ली के दिल में नरेंद्र मोदी नहीं

वोट डालने के तुरंत बाद मीडिया से मुखातिब हुईं शीला ने कहा कि नरेंद्र मोदी का दिल्ली चुनाव से कोई ताल्लुक नहीं है, जब संसद के चुनाव आयेंगे, तब बात करियेगा। वहीं आम आदमी पार्टी पर उन्होंने कहा कि पिछली बार बसपा का जोर दिख रहा था, इस बार आप का जोर है, राजनीति में तो यह सब रुटीन है। बात अगर केजरीवाल की करें, तो वो कांग्रेस के जनाधार को कमजोर नहीं कर पायेंगे। शीला ने कहा कि कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ एक बार फिर से दिल्ली पर जीत हासिल करेगी। शीला ने कहा कि दिल्ली की जनता जानती है कि कांग्रेस ही दिल्ली को इतना आगे लायी है और अब और आगे भी वही लेकर जायेगी।
राज्य में तीन बार मुख्यमंत्री रही कांग्रेस उम्मीदवार शीला दीक्षित चौथी बार अपनी किस्मत आजमा रही हैं, वहीं भाजपा की तरफ से चिकित्सक-राजनीतिज्ञ हर्ष वर्धन और आप की तरफ से अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं।
इस बार नरेंद्र मोदी के अलावा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती और बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार सहित अन्य नेताओं ने राष्ट्रीय राजधानी में रैली को संबोधित किया था। चुनाव पूर्व कराए गए सर्वेक्षण में त्रिशंकु विधानसभा की संभावना के बीच प्रचार में काफी तेजी देखी गई।












Click it and Unblock the Notifications