लंबे समय के बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा अक्सर अपने बागी तेवर और मोदी सरकार की आलोचना की वजह से मीडिया की सुर्खियों में रहते हैं। लेकिन लंबे समय के बाद वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करने की वजह से चर्चा में हैं। शत्रुघ्न सिन्हा ने पटना मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ की है। उन्होंने इस फैसले को सराहनीय कदम बताते हुए इसका स्वागत किया है।

शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्वीट करके कहा कि बिहार को विकास की राह पर ले जाने के लिए यह महान कदम है। उन्होंने कहा कि मेट्रो प्रोजेक्ट के साथ 35000 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का ऐलान सराहनीय कदम है, इस फैसले की तारीफ होनी चाहिए, जय बिहार, जय हिंद। बता दें कि इससे पहले सिन्हा ने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा था कि राहुल गांधी ने बहुत कम समय में 'जबरदस्त सुधार' किया है। संसद में उन्होंने शानदार भाषण दिया। तथ्यों के साथ उनकी प्रतिक्रियाएं काफी प्रभावशाली थीं।
शत्रुघ्न सिन्हा, पटना साहिब से लगातार दूसरी बार सांसद चुने गए हैं। हालांकि पिछले कुछ समय से वो बीजेपी से नाराज चल रहे हैं और लगातार राहुल गांधी की तारीफ करते नजर आए हैं। उन्होंने दिसंबर में संपन्न हुए मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के विधानसभा चुनाव में जीत का श्रेय कांग्रेस अध्यक्ष को दिया था। इससे पहले, शत्रुघ्न सिन्हा ने पिछले साल जुलाई में अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान लोकसभा में राहुल गांधी के संबोधन को 'Show Stealer'कहा था।
इसे भी पढ़ें- Pulwama: सेना का आतंकियों के साथ चल रहा एनकाउंटर, 2-3 आतंकी छिपे












Click it and Unblock the Notifications