शत्रुघ्न सिन्हा ने कोलकाता मामले को लेकर भाजपा पर लगाए आरोप, कहा-' राजनीतिक रंग देने कोशिश कर रही बीजेपी'
तृणमूल कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने रविवार को भाजपा पर कोलकाता में एक महिला डॉक्टर के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या की घटना को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग करने पर भाजपा की आलोचना भी की है।
टीएमसी नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने पांच साल पहले भाजपा छोड़ दी थी। उन्होंने कहा कि जब भाजपा शासित राज्यों में ऐसे भयावह अपराध हुए थे। तब किसी ने प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग नहीं की थी।

टीएमसी नेता सिन्हा ने कहा कि इस घटना की निंदा करने में कोई संदेह नहीं है। इसी कारण पश्चिम बंगाल सरकार ने सख्त अपराजिता बिल लाया है। यह एक अनुकरणीय दुष्कर्म विरोधी कानून है। जिसकी मंजूरी जल्द ही राज्यपाल से मिलने की उम्मीद है और यह अन्य राज्यों को भी ऐसे ही कदम उठाने के लिए प्रेरित करेगा।
आसनसोल से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा का यह भी मानना है कि इस तरह की घटना पर मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग करना अनुचित है। उन्होंने कहा कि जब मणिपुर, उत्तर प्रदेश के हाथरस और जम्मू के कठुआ जैसी जगहों पर गंभीर यौन अपराध हुए थे। तब किसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफा देने की मांग नहीं की थी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री शत्रुघ्न सिन्हा अपने गृह नगर पटना में थे। जहां उन्होंने AICT ग्लोबल नामक एक चैरिटेबल संगठन द्वारा संचालित की जाने वाली मोबाइल क्लिनिक का उद्घाटन किया। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के दिनों को याद करते हुए सिन्हा ने कहा कि मैंने स्वास्थ्य विभाग का कार्यभार संभाला था। मुझे इस बात पर गर्व है कि पटना एम्स के लिए सैद्धांतिक मंजूरी मेरे कार्यकाल के दौरान दी गई थी। आज इस अस्पताल को फलते-फूलते देख मुझे खुशी होती है।












Click it and Unblock the Notifications