कुणाल कामरा के समर्थन में आए शशि थरूर, पूछा-गुंडों का झुंड फ्री स्पीच को सेंसर कर सकता है?
नई दिल्ली, 13 सितंबर: कांग्रेस नेता शशि थरूर ने मंगलवार को स्टैंड-अप कॉमिक कुणाल कामरा के शो को रद्द किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। कुणाल कामरा के कार्यक्रम के खिलाफ दक्षिणपंथी संगठनों विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के सदस्यों ने विरोध करने की धमकी दी थी। धमकी के चलते गुरुग्राम में होने वाले शो को आयोजकों ने रद्द कर दिया था।

कुणाल कामरा के शो को रद्द किए जाने के बाद कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि, यह दुखद है कि कुणाल कामरा का शो रद्द कर दिया गया था, जैसे पहले वीर दास और मुन्नवर फारुखी का किया गया। हमारे देश में क्या हो रहा है गुंडों का एक झुंड आयोजकों डरा और फ्री स्पीच को सेंसर कर सकता है? जब भी किसी शो को धमकी दी जाती है तो पुलिस को कार्रवाई करती है।
दरअसल कुणाल कामरा 17 सितंबर और 18 सितंबर की शाम को सेक्टर 29 के स्टूडियो XO बार में परफॉर्म करने वाले थे। वहीं डिप्टी कमिश्नर निशांत कुमार यादव को सौंपे गए एक मेमो में दक्षिणपंथी संगठनों के सदस्यों ने शो के लिए अनुमति से इनकार करने की मांग की थी। इसमें दावा किया गया था कि कामरा "हिंदू देवी-देवताओं का मजाक उड़ाते हैं"। उन्होंने दावा किया था कि शो में उनकी टिप्पणियों से शहर में तनाव पैदा हो सकता है।
वहीं शो रद्द होने के बाद कुणाल ट्विटर के माध्यम से वीएचपी को एक खुला पत्र लिखा है। पत्र में कुणाल कामरा ने लिखा है कि उन्होंने कभी भी हिंदू देवी-देवताओं का मजाक नहीं बनाया। कुणाल ने लिखा, 'आपने मेरा शो क्लब मालिक को धमकी देकर कैंसिल करा दिया। मैं क्लब मालिक को क्या दोष दूं उसको बेचारे को तो बिजनेस करना है, वह गुंडों से कैसे उलझेगा और पुलिस के पास भी नहीं जाएगा क्योंकि अब पूरा सिस्टम आपका है।
कुणाल कामरा ने लिखा, 'मैं अपने और भगवान के बीच के रिश्ते का वैसे तो कोई टेस्ट जरूरी नहीं समझता, लेकिन फिर एक टेस्ट तुम्हारा लेता हूं। मैं जोर से और गर्व से जय श्री सीता राम और जय राधा कृष्ण कहता हूं। अब अगर तुम सच में भारत की संतान हो तो गोड़से मुर्दाबाद लिख कर भेजो। नहीं तो मैं समझूंगा कि तुम लोग हिंदू विरोधी और आतंक समर्थक हो। कहीं तुम गोड़से को भगवान तो नहीं मानते? अगर मानते हो तो आगे भी मेरे शो रद्द करते रहना।
कुणाल कामरा ने अपने लेटर में आगे लिख, 'मैं कुछ भी करूंगा, लेकिन अपनी मेहनत की रोटी खाऊंगा क्योंकि मुझे तुमसे बड़ा हिंदू होने के नाते लगता है कि किसी को डरा धमका कर टुकड़े खाना पाप है।' कुणाल कामरा का ये खुला लेटर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications