Sharmistha Panoli की गिरफ्तारी पर पवन कल्याण और सुवेंदु अधिकारी फायर, ममता बनर्जी को भी खूब सुनाया
Sharmistha Panoli News: सोशल मीडिया पर पहलगाम अटैक के बाद किए पोस्ट की वजह से शर्मिष्ठा पनोली की गिरफ्तारी पर सियासी घमासान शुरू हो गया है। पुणे की लॉ स्टूडेंट (Sharmistha Panoli) को गुरुग्राम से पश्चिम बंगाल पुलिस ने अरेस्ट किया है। कोलकाता पुलिस ने बयान जारी कर कहा है कि नियमों के विरुद्ध गिरफ्तारी के दावे निराधार हैं। पुलिस ने प्रक्रिया का पालन किया है। बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने इस गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला है। आंध्रप्रदेश के डिप्टी सीएम और जनसेना प्रमुख पवन कल्याण ने भी इस गिरफ्तारी की निंदा की है। एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने भी इसे तानाशाही करार दिया है।
Sharmistha Panoli की गिरफ्तारी पर भड़के पवन कल्याण
आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण ने लॉ स्टूडेंट शर्मिष्ठा पनोली की गिरफ्तारी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, 'धर्मनिरपेक्षता को कुछ लोग ढाल की तरह इस्तेमाल करते हैं। पश्चिम बंगाल सरकार आपको पूरा देश देख रहा है। जब टीएमसी के चुने हुए नेता और सांसद सनातन धर्म का मजाक उड़ाते हैं, तब क्या होता है। कुछ लोगों ने हमारे धर्म को गंदा कहा था। उनकी तुरंत गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई? मैं शर्मिष्ठा के साथ खड़ा हूं।'

यह भी पढ़ें: 'बीजेपी जुमला पार्टी', ममता बनर्जी ने PM Modi के आरोपों पर किया पलटवार, 'ऑपरेशन बंगाल' को बताया साजिश
सुवेंदु अधिकारी ने ममता सरकार पर बोला हमला
पवन कल्याण के सोशल मीडिया पोस्ट को बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने रीपोस्ट किया है। उन्होंने इसके साथ ही ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा, 'ममता बनर्जी ने कुंभ की तुलना मृत्युकुंभ से की थी। महुआ मोइत्रा ने देवी काली के लिए कहा था कि वह मांस खाती हैं और शराब का सेवन करती हैं।'
सुवेंदु अधिकारी ने यह भी कहा कि फिरहाद हकीम ने कहा था जो लोग इस्लाम में पैदा नहीं हुए हैं, वे बदकिस्मत हैं। हमें उन्हें इस्लाम के दायरे में लाना होगा। इन लोगों के बयान पर कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। अधिकारी ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल पुलिस की तत्परता और कार्रवाई उस वक्त कहां थी जब हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियां तोड़ी गई थीं?
कंगना रनौत ने टीएमसी पर निशाना साधा
कंगना रनौत ने कहा, 'किसी को सोशल मीडिया पर लिखे पोस्ट जिसके लिए माफी मांग ली हो और डिलीट कर दिया हो के लिए गिरफ्तार करना दुखद है। उसके चरित्र पर सवाल उठाना, जेल में प्रताड़ना देना कहीं से भी ठीक नहीं है। मैं पश्चिम बंगाल सरकार से कहना चाहती हूं कि राज्य को नॉर्थ कोरिया न बनाएं। उसने जो भाषा इस्तेमाल की है, आज कल की पीढ़ी के बच्चे हिंदी-अंग्रेजी दोनों में ऐसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं। अपनी भाषा और पोस्ट के लिए सार्वजनिक तौर पर माफी भी मांग ली है। मुझे उम्मीद है कि इस युवा लॉ स्टूडेंट की जल्द से जल्द रिहाई हो जाएगी।'
सुवेंदु अधिकारी देंगे लॉ स्टूडेंट को कानूनी मदद
बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने लॉ स्टूडेंट के साथ एकजुटता की बात करते हुए कहा कि राष्ट्रवादी विचारधारा के वकील शर्मिष्ठा का केस लड़ेंगे। उन्हें बेहतरीन कानूनी सहायता दी जाएगी। उम्मीद है कि उनके साथ न्याय होगा और वह जल्द ममता बनर्जी की क्रूर पुलिसिया दमन से मुक्त हो पाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications