'बीजेपी जुमला पार्टी', ममता बनर्जी ने PM Modi के आरोपों पर किया पलटवार, 'ऑपरेशन बंगाल' को बताया साजिश
Mamata Banerjee attacks PM Modi: पश्चिम बंगाल में अगले साल 2026 में विधानसभा चुनाव होने हैं और इसे लेकर जमीन अभी से तैयार की जा रही है। टीएमसी और बीजेपी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है जिससे राजनीतिक घमासान देखने को मिल रहा है। 29 मई को पीएम मोदी ने बंगाल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमुल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को आड़े हाथ लिया।
उन्होंने टीएमसी सरकार को भ्रष्ट सरकार घोषित किया। इसके तुरंत बाद सीएम ममता बनर्जी ने सीएमओ ऑफिस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस किया और प्रधानमंत्री के हालिया बयानों पर पलटवार किया।

ममता दीदी ने प्रधानमंत्री के 'ऑपरेशन बंगाल' की टिप्पणी को न केवल दुर्भाग्यपूर्ण बताया, बल्कि इसे देश में विपक्ष को दबाने की साजिश बताया। इतना ही नहीं दीदी ने ऑपरेशन सिंदूर के नाम पर भी बीजेपी को घेरते हुए कहा कि इस ऑपरेशन को लेकर पीएम मोदी पूरे देश में राजनीतिक होली खेल रहे हैं।
Mamata Banerjee ने "ऑपरेशन बंगाल" पर दी खुली चुनौती
ममता बनर्जी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "मोदी जी ने आज जो कहा, उससे हम केवल स्तब्ध ही नहीं, बेहद दुखी भी हैं। जब पूरा विपक्ष देश की तरफ से आतंकवाद के खिलाफ आवाज़ उठा रहा है, उस समय प्रधानमंत्री और उनके मंत्री 'ऑपरेशन बंगाल' जैसे शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। ये क्या संकेत है? मैं उन्हें खुली चुनौती देती हूं अगर हिम्मत है तो कल ही चुनाव करवा लें। बंगाल तैयार है। हम पीछे हटने वाले नहीं हैं।" उन्होंने यह भी जोड़ा कि "समय की ताकत को मत भूलिए, समय सबको जवाब देता है।"
'बीजेपी जुमला पार्टी' ममता का सीधा वार
ममता बनर्जी ने बीजेपी को "जुमला पार्टी" बताते हुए कहा कि बीजेपी के नेता सिर्फ झूठ फैलाकर जनता को गुमराह करने में लगे हैं। ममता बनर्जी ने पीएम मोदी पर पलटवार करते हुए कहा कि "आप उस सरकार को कोस रहे हैं जो देश की रक्षा में आपके साथ खड़ी है। आतंकवाद के खिलाफ लड़ रही है। आप प्रधानमंत्री हैं, लेकिन बात बीजेपी अध्यक्ष जैसी कर रहे हैं।"
दीदी ने कहा कि विपक्ष के नेता अभिषेक बनर्जी हर दिन आतंकवाद और हिंसा के खिलाफ बोल रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार मुद्दों से ध्यान हटाकर विपक्ष पर दोषारोपण कर रही है।
'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर पूछे गए सवाल पर ममता बनर्जी ने स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि "हर महिला का सम्मान होता है। आप चाहे जो भी राजनीति करें, महिलाओं की गरिमा से मत खेलिए। यह आपकी छवि को नुकसान पहुंचाता है।"
Mamata Banerjee ने पीएम मोदी के महिला सुरक्षा पर बयान पर किया कटाक्ष
ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री द्वारा बंगाल में महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर चिंता जताने को "दोहरे मापदंड" करार दिया। उन्होंने मध्य प्रदेश के बीजेपी नेता मनोहरलाल धाकड़ पर लगे अश्लील वीडियो मामले को उठाते हुए कहा कि, "क्या आपको शर्म नहीं आती? एक राज्य में आपके नेता खुलेआम महिलाओं का अपमान कर रहे हैं और आप यहां आकर महिला सुरक्षा की बात करते हैं? क्या सड़क पर अश्लीलता फैलाना आपके नैतिकता के दायरे में आता है?"
उन्होंने कहा कि जिनकी पार्टी में महिलाओं के लिए बुनियादी सम्मान नहीं है, उन्हें दूसरों को उपदेश देने का कोई अधिकार नहीं है।
West Bengal में पीएम मोदी ने क्या कहा था
दरअसल पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी पर हमला बोला था। पीएम ने कहा कि मालदा और मुर्शिदाबाद में हुई हिंसक घटनाओं को "टीएमसी सरकार की विफलता और तुष्टिकरण की राजनीति" का परिणाम बताया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ममता बनर्जी ने तीखी प्रतिक्रिया दी और बीजेपी पर देश में झूठ और डर का माहौल फैलाने का आरोप लगाया।
West Bengal में चुनावी माहौल का दिख रहा असर
ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब देश आतंकवाद जैसी बड़ी चुनौती से जूझ रहा है, उस समय प्रधानमंत्री और उनके मंत्री राजनीतिक लाभ के लिए बयानबाजी कर रहे हैं। ऑपरेशन सिंदूर पर बोलते हुए दीदी ने कहा कि आज जब देश को एकता की ज़रूरत है, केंद्र सरकार विपक्ष को बदनाम करने में जुटी है। ये वक्त राजनीति करने का नहीं है, बल्कि एक साथ खड़े होने का है।
ममता बनर्जी और पीएम मोदी के बीच तीखे राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच यह स्पष्ट है कि 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की भूमिका तैयार हो चुकी है। ममता बनर्जी ने 'ऑपरेशन बंगाल' को लेकर जिस तरह से प्रधानमंत्री को ललकारा है, उससे साफ है कि टीएमसी केंद्र के किसी भी दांव से पीछे हटने वाली नहीं है। अब देखना होगा कि बीजेपी इस चुनौती को कैसे जवाब देती है और आने वाले समय में यह सियासी जंग किस मोड़ पर पहुंचती है।












Click it and Unblock the Notifications