सीएम उद्धव ठाकरे से मांग करेंगे, एसआईटी से कराएं भीमा कोरेगांव केस की जांच: शरद पवार
भीमा कोरेगांव केस की जांच एसआईटी से कराई जाए: शरद पवार
नई दिल्ली। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा है कि वो महाराष्ट्र सीएम से भीमा कोरेगांव हिंसा मामले की जांच करने के लिए एसआईटी गठित करने की मांग करेंगे। शनिवार को पवार ने कहा कि हम महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बात करेंगे और मांग करेंगे कि भीमा कोरेगांव मामले की निष्पक्ष जांच के लिए वो विशेष जांच दल (एसआईटी) बनाएं। एनसीपी और शिवसेना की कांग्रेस के साथ महाराष्ट्र में साझा सरकार है।

तीन दिन पहले पहले ही भीमा कोरेगांव मामले में अभियोजन ने 19 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हत्या की साजिश रचने और भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने के आरोप लगाए हैं। अभियोजन पक्ष ने बुधवार को सुधीर धावले, रोना विल्सन, सुरेन्द्र गाडलिंग, महेश राउत, शोमा सेन, अरुण फरेरा, वर्नन गोन्साल्वेस, सुधा भारद्वाज, वरवर राव समेत 19 आरोपियों के खिलाफ मसौदा आरोप पत्र पेश किया। ये सभी आरोपी गिरफ्तार किये जा चुके हैं। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश एस आर नवन्दर की विशेष अदालत में आरोपों का मसौदा पत्र दायर किया गया।
इससे पहले महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन के घटक दल- एनसीपी और कांग्रेस के नेता सरकार से 2018 के कोरेगांव-भीमा हिंसा से संबंधित मामले वापस लेने की मांग कर चुके हैं। इन का कहना है कि भाजपा के नेतृत्व वाली पिछली सरकार ने सामाजिक कार्यकर्ताओं समेत कई लोगों के खिलाफ गलत केस लगाए थे।












Click it and Unblock the Notifications