दिल्ली में आप के साथ गठबंधन के लिए कांग्रेस को मनाने में जुटे शरद पवार
नई दिल्ली। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच दिल्ली में गठबंधन के लिए अब एनसीपी नेता शरद पवार ने भी कोशिश शुरू कर दी है। सूत्रों की मानें तो आप-कांग्रेस के बीच चल रहे मतभेद को खत्म कर दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर हस्तक्षेप कर रहे हैं। शरद पवार ने भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने के लिए दोनों ही दलों से अपील की है। दरअसल दिल्ली कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस पर भाजपा के साथ मिलिभगत का आरोप लगाया था। दोनों ही दलों के बीच चल रही खींचतान को खत्म करने के लिए शरद पवार ने हस्तक्षेप किया।

कांग्रेस ने गठबंधन से किया इनकार
बता दें कि इससे पहले दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन से इनकार किया था। उन्होंने आप के साथ गठबंधन की संभावना से इनकार किया है। लेकिन शीला दीक्षित से इतर पार्टी के भीतर एक गुट ऐसा भी है जो चाहता है कि दिल्ली में आप के साथ गठबंधन हो। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीसी चाको ने साफ किया है कि आप के साथ दिल्ली में गठबंधन पर राहुल गांधी अंतिम फैसला लेंगे। जिसके बाद खबर सामने आई है कि शीला दीक्षित ने राहुल और सोनिया गांधी को पत्र लिखा है।

अंतिम फैसला राहुल करेंगे
शीला दीक्षित ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कहा है कि अगर आम आदमी पार्टी के साथ लोकसभा चुनाव में गठबंधन किया जाता है तो यह पार्टी के लिए लंबे समय में नुकसानदायक साबित होगा। उन्होंने पत्र के द्वारा पार्टी को चेताया है कि आप के साथ गठबंधन आने वाले समय में घाटे का सौदा साबित होगा। लेकिन बावजूद इसके पीसी चाको ने इस बात को दोहराया है कि इसपर अंतिम फैसला राहुल गांधी लेंगे।

गठबंधन के खिलाफ दिल्ली कांग्रेस
दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन के खिलाफ ना सिर्फ शीला दीक्षित बल्कि पार्टी के तीन वर्किंग प्रेसिडेट हारून युसुफ, देवेंद्र यादव और राजेश लीलोथिया ने भी इस तरह का राय पार्टी के सामने रखी है। इन सभी नेताओं ने पार्टी के वरिष्ठ नेता पीसी चाको द्वारा फोन सर्वे को पार्टी के कार्यकर्ताओं की राय को आधार मानते हुए आप के साथ गठबंधन को खारिज किया है। सूत्रों का कहना है कि इन सभी नेताओं ने आप के साथ गठबंधन के खिलाफ अपनी इच्छा जाहिर की है।












Click it and Unblock the Notifications