गुजरात कांग्रेस को लग सकता है बड़ा झटका, वाघेला ने दिखाए तेवर
गुजरात कांग्रेस को आज लग सकता है बड़ा झटका, अपने जन्मदिन के मौके पर करेंगे शक्ति प्रदर्शन, बड़े ऐलान पर रहेगी नजर
अहमदाबाद। गुजरात कांग्रेस को आज बड़ा झटका लग सकता है। गुजरात में विपक्ष के नेता शंकर सिंह वाघेला आज कांग्रेस का दामन छोड़ने का ऐलान कर सकते हैं। आज शंकर सिंह वाघेला का जन्मदिन है और इस मौके पर बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कई विधायक, सांसद और समर्थक आएंगे। इस कार्यक्रम के जरिए वाघेला अपना शक्ति प्रदर्शन करेंगे और माना जा रहा है कि वह कांग्रेस को छोड़ने का ऐलान कर सकते हैं।

सन्यास पर भी लगाए जा रहे कयास
दरअसल इसी साल गुजरात में चुनाव होना है लिहाजा वह चाहते हैं कि कांग्रेस उन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करे। लेकिन सूत्रों की मानें तो कांग्रेस ने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया है, हालांकि उन्हें इस बात का आश्वासन दिया गया है कि उन्हें सीटों के बंटवारें में अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है। कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि वाघेला राजनीति से सन्यास की घोषणा कर सकते हैं, लेकिन उनके बेटे महेंद्र ने इस संभावना से इनकार किया है।
Recommended Video


भाजपा में हो सकते हैं शामिल
इसके अलावा एक बड़ा कयास यह लगाया जा रहा है कि वाघेला कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि ऐसा करने से वाघेला को कोई खास लाभ नहीं होने वाला है, बल्कि भाजपा को ही मजबूती मिलेगी। आपको बता दें पीएम मोदी एक समय में वाघेला को अपना राजनीतिक गुरू मानते थे। ऐसे में अगर वाघेला भाजपा में शामिल होते हैं तो भाजपा मजबूत होगी, लेकिन मुमकिन है कि उन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार नहीं बनाया जाएगा।

तीसरा मोर्चा भी बना सकते हैं
वाघेला आज के इस कार्यक्रम के जरिए शक्ति प्रदर्शन करेंगे और इस बात का दबाव बनाने की कोशिश करेंगे, ताकि कांग्रेस उन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करे। साथ ही वाघेला के पास एक विकल्प यह भी है कि वह अलग अपनी पार्टी का ऐलान करे और बतौर थर्ड फ्रंट के तौर पर गुजरात के चुनाव में अपनी दावेदारी मजबूत करें। वाघेला ने कहा कि वह आज होने वाले कार्यक्रम में खुलकर बात करेंगे, ऐसे में देखने वाली बात है कि क्या वाघेला कांग्रेस का साथ छोड़ भाजपा का दामन थामते हैं या फिर किसी अन्य विकल्प की ओर जाते हैं।

आरएसएस के सक्रिय सदस्य रह चुके हैं
आपको बता दें कि शंकर सिंह वाघेला मौजूदा समय में गुजरात विपक्ष के नेता हैं। कांग्रेस में शामिल होने से पहले वह 1970 से 1996 तक भाजपा में भी रह चुके हैं। इसके बाद उन्होंने अपनी पार्टी राष्ट्रीय जनता पार्टी का गठन किया और 1996-98 तक वह अलग रहे, जिसके बाद उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया था। जनसंघ में शामिल होन से पहले वाघेला आरएसएस के सक्रिय सदस्य भी रह चुके हैं। यही नहीं इंदिरा गांधी के कार्यकाल के दौरान आपातकाल में वाघेला जेल भी जा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications