IPL 2026: 'एयरपोर्ट से बाहर नहीं निकल पाएंगे', मुस्तफिजुर को लेकर शाहरुख खान की KKR को मिली धमकी
भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ कथित हिंसा और अस्थिरता को लेकर भारत में गहरा आक्रोश है। इस बीच एक्टर शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और बांग्लादेशी खिलाड़ी को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। मामला मुख्य रूप से IPL 2026 के ऑक्शन और बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही कथित हिंसा से जुड़ा है।
बांग्लादेश में हिंदुओं की हो रही हत्या पर धर्मगुरु देवकीनंदन ठाकुर ने गुरुवार को आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं के बावजूद बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को IPL में क्यों खरीदा गया। शाहरुख खान अब सीधे तौर पर निशाने पर हैं। उन पर 'व्यापारिक लाभ' को देश की भावनाओं से ऊपर रखने के आरोप लग रहे हैं।

BJP नेता संगीत सिंह सोम ने दी चेतावनी
देवकीनंदन ठाकुर के बयान पर बीजेपी नेता संगीत सिंह सोम ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहे हैं। महिलाओं और लड़कियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं सामने आ रही हैं और उनके घर जलाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां भारत विरोधी नारे लगाए जा रहे हैं। संगीत सोम ने शाहरुख खान पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत ने उन्हें सब कुछ दिया, लेकिन वे ऐसे देश के खिलाड़ियों में निवेश कर रहे हैं जो भारत के खिलाफ काम कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि किसी भी हाल में बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्ताफिजुर रहमान भारत में खेलने नहीं आ पाएंगे और एयरपोर्ट से बाहर भी नहीं निकल सकेंगे।
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी की प्रतिक्रिया
केकेआर द्वारा आईपीएल ऑक्शन में बांग्लादेशी खिलाड़ी के चयन पर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने कहा कि भारतीय मुसलमान भी बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों को लेकर चिंतित हैं और उनके समर्थन में आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में अगर शाहरुख खान किसी बांग्लादेशी क्रिकेटर से करार करते हैं तो इसे देशद्रोह नहीं कहा जा सकता। मौलाना रज़वी ने साफ कहा कि इस तरह के आरोप किसी भी सूरत में सही नहीं ठहराए जा सकते।
मौलाना साजिद रशीदी ने क्या कहा?
इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने कहा कि देश में बिना संविधान को समझे किसी भी मुद्दे का विरोध करना एक आदत बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी किसी मुस्लिम नाम का जिक्र आता है, तो विरोध शुरू हो जाता है। मौलाना रशीदी ने कहा कि शाहरुख खान मुस्लिम हैं और खरीदा गया खिलाड़ी भी मुस्लिम है, इसलिए विरोध किया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि किसी को इसमें दखल देने का अधिकार किसने दिया है। अगर कोई कानून या संविधान के खिलाफ काम करता है तो सरकार और कानून अपना काम करेंगे।
AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान का बयान
एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने कहा कि वे बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों की निंदा करते हैं और किसी भी तरह की हिंसा के खिलाफ हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में भी मुस्लिम अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचार होते हैं।
क्रिकेट के मुद्दे पर वारिस पठान ने कहा कि खेल में यह मायने नहीं रखता कि कौन किसका समर्थन करता है। उन्होंने भारत-पाकिस्तान मैच का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा देने वाला देश रहा है, फिर भी पैसों के लिए टीम इंडिया ने मैच खेले। उन्होंने कहा कि ऐसा पैसा स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए जो देश की गरिमा और सम्मान पर सवाल खड़ा करे।
मुस्तफिजुर 9.20 करोड़ में बने KKR का हिस्सा
अबू धाबी में आयोजित आईपीएल के मिनी ऑक्शन में मुस्तफिजुर रहमान सबसे चर्चा में रहने वाले खिलाड़ियों में से एक रहे। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उनकी घातक गेंदबाजी क्षमता पर भरोसा जताते हुए उन्हें 9.20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि में अपनी टीम में शामिल किया। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज को टीम में शामिल करने के पीछे केकेआर का मुख्य उद्देश्य अपने डेथ ओवर्स की गेंदबाजी को और अधिक मजबूत करना है।
6 सितंबर 1995 को बांग्लादेश के सातारखिरा में जन्मे मुस्तफिजुर रहमान आधुनिक क्रिकेट के सबसे चतुर गेंदबाजों में गिने जाते हैं। उनकी सबसे बड़ी ताकत उनकी 'ऑफ-कटर' और 'स्लोअर' गेंदें हैं, जिन्हें पढ़ पाना दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाजों के लिए भी चुनौतीपूर्ण होता है। इसके अलावा, खेल के अंतिम ओवरों (डेथ ओवर्स) में उनकी सटीक यॉर्कर और किफायती गेंदबाजी किसी भी मैच का पासा पलटने का दम रखती है।
मुस्तफिजुर का अंतरराष्ट्रीय करियर बेहद शानदार रहा है। उन्होंने साल 2015 में भारत के खिलाफ ही वनडे सीरीज से अपना डेब्यू किया था और अपनी पहली ही सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट झटक कर रातों-रात स्टार बन गए थे। इसके बाद उन्होंने खेल के तीनों प्रारूपों (टेस्ट, वनडे और टी20) में बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व किया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा, वे आईपीएल (IPL), बीपीएल (BPL) और दुनिया की कई अन्य मशहूर टी20 लीगों के नियमित खिलाड़ी रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications