गोवा में भाजपा के सरकार गठन के खिलाफ SC पहुंची कांग्रेस
गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा ने पर्रिकर को गोवा के नए मुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त किया। साथ ही उन्हें गोवा विधानसभा में बहुमत साबित करने को कहा है।
नई दिल्ली। गोवा में मनोहर पर्रिकर मुख्यमंत्री पद की शपथ लें इससे पहले एक पेंच फंस गया है। जी हां पर्रिकर के शपथ ग्रहण को कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे दी है। कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट से कहा है कि कम सीटों के बावजूद सरकार बनाने का दावा लोकतंत्र की हत्या है। सुप्रीम कोर्ट कांग्रेस की याचिका पर जल्द से जल्द सुनवाई को तैयार हो गई है। मंगलवार सुबह इस पर सुनावाई होगी। वहीं कांग्रेस इस मुद्दे को संसद में भी उठाएगी।

आपको बता दें कि 40 सीट वाली गोवा विधानसभा में बीजेपी के पास बहुमत नहीं है। बीजेपी के पास 13 सीटें हैं। बीजेपी छोटे और निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार बनाने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस 17 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी है, बावजूद इसके कांग्रेस सरकार नहीं बना पा रही है इसीलिए कांग्रेस ने इसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने का फैसला किया है। इसे भी पढ़ें- गोवा की गर्वनर ने पर्रिकर को किया नया CM नियुक्त, 15 दिनों में साबित करना होगा बहुमत
रविवार को मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व में बीजेपी ने गोवा में अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया। गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा ने पर्रिकर को गोवा के नए मुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त किया। साथ ही उन्हें गोवा विधानसभा में बहुमत साबित करने को कहा है। ऐसा कहा जा रहा है कि अब फैसला गोवा की गवर्नर पर निर्भर रहेगा। हो सकता है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले तक शपथ ग्रहण समारोह टाल दिया जाए।












Click it and Unblock the Notifications