सत्येंद्र जैन की 7.44 करोड़ की प्रॉपर्टी कुर्क, लेकिन अभी भी हैं बेशुमार दौलत के मालिक, कितनी है असली संपत्ति
Assets: दिल्ली के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के बड़े चेहरे सत्येंद्र कुमार जैन एक बार फिर सुर्खियों में हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में उनसे जुड़ी करीब 7.44 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी अटैच कर दी है। यह कार्रवाई 15 सितंबर को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) 2002 के तहत की गई।
दरअसल, ईडी ने यह कार्रवाई सीबीआई द्वारा 24 अगस्त 2017 को दर्ज एफआईआर के आधार पर की है। इसी एफआईआर को आधार बनाकर सत्येंद्र जैन के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की गई थी। लेकिन सवाल यह है कि बार-बार हो रही इन कार्रवाइयों के बाद भी असल में सत्येंद्र जैन की कुल संपत्ति कितनी है? और उनके खिलाफ यह पूरा मामला आखिर है क्या? आइए जानते हैं।

कैसे शुरू हुआ केस?
इस पूरे विवाद की शुरुआत 2017 में हुई, जब CBI ने सत्येंद्र जैन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया। आरोप यह था कि फरवरी 2015 से मई 2017 के बीच, जब वह दिल्ली सरकार में मंत्री थे, उन्होंने अपनी आधिकारिक आय से कहीं ज्यादा प्रॉपर्टी और धन जुटाया। 2018 में CBI ने सत्येंद्र जैन, उनकी पत्नी पूनम जैन और उनके कुछ करीबी सहयोगियों के खिलाफ चार्जशीट भी दायर की। इसी केस के आधार पर ED ने अपनी जांच शुरू की।
ED की कार्रवाई और प्रॉपर्टी अटैचमेंट
ED का कहना है कि नोटबंदी के तुरंत बाद नवंबर 2016 में, जैन के करीबी सहयोगी अंकुश जैन और वैभव जैन ने 7.44 करोड़ रुपये कैश में एडवांस टैक्स जमा किया। यह पैसा चार कंपनियों के जरिए दिखाया गया था। जांच में पता चला कि इन कंपनियों को असल में सत्येंद्र जैन ही कंट्रोल कर रहे थे।
पहले भी मार्च 2022 में ED ने इस केस में 4.81 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी अटैच की थी। अब 7.44 करोड़ की नई कार्रवाई के बाद कुल अटैच की गई संपत्ति 12.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। ED का दावा है कि यही रकम जैन की "डिसप्रोपोर्शनट एसेट्स" का असली मूल्य है।
दिल्ली हाईकोर्ट और इनकम टैक्स डिपार्टमेंट दोनों ने सत्येंद्र जैन के सहयोगियों को उनके बेनामी धारक करार दिया। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने भी उनकी अपील खारिज कर दी। इस आधार पर ED ने CBI को अपने नतीजे सौंपे और CBI ने सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की।
अब ED की योजना है कि इस केस में जल्द ही सप्लीमेंट्री प्रोसिक्यूशन कंप्लेंट दायर की जाएगी। फिलहाल यह केस दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट में ट्रायल पर है।
Satyendar Jain Net Worth: सत्येन्द्र जैन की कुल संपत्ति
माई नेता डॉट कॉम के मुताबिक सत्येन्द्र जैन की कुल संपत्ति 8 करोड़ 83 लाख रुपये है। हैरानी की बात ये है कि सत्येन्द्र जैन की कुल संपत्ति से ज्यादा उनके ऊपर देनदारियां हैं। सत्येन्द्र जैन पर 13 करोड़ रुपये का लोन है।
सत्येन्द्र जैन के पास एक लाख रुपये का कैश है। उन्होंने बैंकों, वित्तीय संस्थानों और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों में 24 लाख रुपये रखा है। बांड, शेयर और डिबेंचर एक करोड़ रुपये का है। एनएसएस, डाक बचत में 81 लाख रुपये हैं।
कम होती आय और घटती संपत्ति
दिलचस्प बात यह है कि 2013 में जैन की सालाना आय 8.51 लाख रुपये थी, जो 2020 तक घटकर 1.75 लाख रुपये हो गई थी। 2015 में उनकी आय में करीब 5.82 लाख रुपये का घाटा दर्ज हुआ था।
2020 के चुनावी हलफनामा दाखिल करते वक्त उनकी चल संपत्ति करीब 62 लाख रुपये की थी, जो घटकर 26.5 लाख रुपये रह गई थी
2013 में उनके पास चार गाड़ियां थीं-मारुति 800, फिएट, स्विफ्ट और सिटी होंडा।
ED की कार्रवाई और कोर्ट की जांच के बीच, सत्येंद्र जैन की संपत्ति का रहस्य अभी खुलकर सामने आना बाकी है। लेकिन एक बात साफ है- यह केस दिल्ली की राजनीति में हलचल मचाने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications