Sanjay Raut के घर से ED ने 11.50 लाख रुपये बरामद किए, कस्टडी पर वकील ने दिया ऐसा बयान
ईडी ने संजय राउत के आवास से करीब 11.50 लाख रुपये जब्त किए हैं। मामला पात्रा चॉल लैंड स्कैम में मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है। sanjay raut ed cash seized patra chawl land scam
मुंबई, 31 जुलाई : संजय राउत के आवास से पात्रा चॉल घोटाला मामले में ईडी ने 11.50 लाख रुपये की नकदी जब्त की है। ईडी ने शिवसेना सांसद संजय राउत के आवास पर रविवार को छापेमारी की। संजय राउत की कस्टडी पर वकील ने कहा है कि उन्हें हिरासत में नहीं लिया गया है।
Recommended Video

बयान दर्ज कराने आए, कस्टडी नहीं !
संजय राउत के वकील विक्रांत सबने ने बताया, ईडी ने आज सुबह संजय राउत को नया समन दिया है। उसी आधार पर संजय राउत बयान दर्ज कराने ईडी कार्यालय पहुंचे हैं। उन्हें न तो गिरफ्तार किया गया है और न ही हिरासत में लिया गया है।
Patra Chawl Land Scam या कुछ और...
वकील विक्रांत के मुताबिक, संजय राउत ने ED का ताजा समन स्वीकार कर लिया है। संजय राउत को पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय लाया गया है। वे (ईडी) पहले ही ऐसे दस्तावेज ले चुके हैं जो उन्हें महत्वपूर्ण लगे। संपत्ति के कुछ दस्तावेज जब्त किए गए हैं, लेकिन, उनके द्वारा पात्रा चॉल से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं लिया गया है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक राउत के वकील विक्रांत सबने ने कहा, 'संजय राउत को ईडी ने तलब किया था। संभावना है कि उन्हें बाद में गिरफ्तार किया जा सकता है लेकिन उन्हें केवल बयान देने के लिए बुलाया गया था। फिलहाल, उन्हें हिरासत में नहीं लिया गया है।
ED फंसाने की योजना बना रही ?
संजय राउत के भाई सुनील राउत ने कहा कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से उनकी नजदीकियों के कारण उनके खिलाफ ईडी की कार्रवाई हो रही है. सुनील राउत ने कहा, ईडी के पास संजय राउत के खिलाफ कुछ भी नहीं है। वे योजना बना रहे हैं कि यदि इस मामले में नहीं तो किसी अन्य मामले में कार्रवाई की जाएगी।
मर जाऊंगा लेकिन, शिवसेना...
27 जुलाई को जारी समन के बाद राउत पेश नहीं हुए। इसके बाद रविवार सुबह सात बजे ईडी के अधिकारी सीआरपीएफ जवानों के साथ राउत के आवास पर पहुंचे। तलाशी के बाद शाम करीब पांच बजे के बाद राउत ईडी कार्यालय लाए गए। रविवार को राउत ने कहा, "मैं मर जाऊंगा लेकिन शिवसेना नहीं छोड़ूंगा।"
संजय राउत के हिरासत की खबर
इससे पहले एएनआई की रिपोर्ट में कहा गया, प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने रविवार को शिवसेना नेता संजय राउत को मुंबई में पात्रा चॉल भूमि घोटाला मामले में उनके आवास पर छापेमारी करने के बाद हिरासत में लिया। खबर के मुताबिक ईडी के अधिकारी रविवार सुबह करीब सात बजे राउत के आवास पहुंचे थे।
ED के समन का जवाब, संजय राउत ने किया चैलेंज !
गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गत 28 जून को संजय राउत को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तलब किया था। ये मामला 1,034 करोड़ रुपये के पात्रा चॉल भूमि घोटाले से संबंधित है। जांच में शामिल होने से इनकार करते हुए शिवसेना सांसद ने जांच एजेंसी ईडी को गिरफ्तार करने की चुनौती भी दी थी। रविवार शाम राउत ईडी अधिकारियों के साथ ED कार्यालय पहुंचे। राउत ने संसद के मानसून सत्र का हवाला देते हुए जांच में शामिल होने में असमर्थता जताई थी।
पात्रा चॉल का डीएचएफएल मामले से कनेक्शन
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक ईडी का मानना है कि पात्रा चॉल भूमि घोटाला मामला डीएचएफएल मामले से जुड़ा है। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में भी राउत से पूछताछ करना चाहता है। ईडी सूत्रों के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय राउत से इसलिए पूछताछ करना चाहता है, क्योंकि पुणे के व्यवसायी अविनाश भोसले को डीएचएफएल-यस बैंक मामले में हिरासत में लिया गया है, और ED पात्रा चॉल भूमि घोटाला और डीएचएफएल मामले के कनेक्शन की पड़ताल कर रही है।
ED कुर्क कर चुकी है संपत्तियां
बता दें कि विगत अप्रैल में, ईडी ने पात्रा चॉल मामले में संजय राउत की पत्नी वर्षा राउत और उनके दो सहयोगियों की 11.15 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति को अस्थायी रूप से कुर्क किया था। कुर्क की गई संपत्तियां संजय राउत के सहयोगी प्रवीण एम राउत से जुड़ी हैं। ईडी के मुताबिक कुर्क की गई संपत्तियों में मुंबई के उपनगर दादर में वर्षा राउत का एक फ्लैट और अलीबाग में किहिम बीच पर आठ प्लॉट भी शामिल हैं।
ED की जांच में सामने आई बातें
ईडी के मुताबिक, सुजीत पाटकर संजय राउत का करीबी सहयोगी है। फरवरी में प्रवीण राउत को गिरफ्तार करने के बाद, ईडी ने कहा था कि वह मुखौटे के रूप में काम कर रहा है या किसी प्रभावशाली व्यक्ति (व्यक्तियों) के साथ मिलीभगत कर रहा है। एजेंसी ने कहा था, जांच के दौरान पता चला है कि प्रवीण ने कुछ "राजनीतिक व्यक्तियों" को भुगतान किया था।
महाराष्ट्र की राजनीतिक उथल-पुथल
बता दें कि महाराष्ट्र में सत्ता परिवर्तन के बाद से राज्य सभा सांसद संजय राउत काफी अटैकिंग मोड में दिख रहे हैं। राउत दो खेमों में बंटी शिवसेना के उद्धव ठाकरे खेमे में हैं। उन्होंने कोई भी गलत काम से इनकार किया है। बकौल राउत, उन्हें राजनीतिक प्रतिशोध के कारण निशाना बनाया जा रहा है। बता दें कि शिवसेना का दूसरा धड़ा CM एकनाथ शिंदे के साथ है। फिलहाल पार्टी किसकी है, ये मामला निर्वाचन आयोग के समक्ष पेंडिंग है।












Click it and Unblock the Notifications