ईद के मौके पर सलमान ने 5 हजार परिवारों को बांटी ईदी किट, शिवसेना नेता ने की तारीफ
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान लॉकडाउन लगने के बाद से ही जरूरतमंद लोगों की लगातार मदद कर रहे हैं। ईद के खास मौके पर भी वह लोगों की मदद करने से पीछे नहीं हटे। सलमान ने ईद के मौके पर हजारों परिवारों की मदद की है। उन्होंने ईद के त्योहार पर करीब 5 हजार परिवारों को खाने की किट बांटी हैं। सलमान ने हजारों लोगों की मदद कर इस ईद को भी अपने फैंस के लिए खास बना दिया है।

इस बात की जानकारी महाराष्ट्र में नेता राहुल एन कनल ने ट्वीट करके दी है। उन्होंने अपने इस ट्वीट में कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं और सलमान खान की तारीफ की है। ट्वीट में राहुल ने बताया है कि कैसे सलमान खान ने हजारों लोगों को फूड किट बांटी हैं। राहुल एन कनल ने अपने इस ट्वीट में कहा, 'सलमान भाई धन्यवाद, ईद के इस खास मौके पर अपने अनोखे अंदाज में करीब 5 हजार परिवारों तक पहुंचने और खुशियां बांटने के लिए। आप जैसे इंसान ही समाज में संतुलन बनाए रखते हैं, हर एक को ईद की किट बांटने के लिए धन्यवाद। ईद की बधाई देने का भाई का स्पेशल तरीका।'
आपको बता दें सलमान द्वारा बांटी गईं इन किट्स में दूध का पैकेट और अनाज सहित बाकी जरूरी सामान रखा गया। अभिनेता सलमान खान के इस कदम के लिए लोग उनकी काफी सराहना कर रहे हैं। बता दें सलमान फिलहाल अपने पनवेल फार्महाउस पर फंसे हुए हैं। वह लॉकडाउन शुरू होने के बाद से ही यहां रह रहे हैं।
वहीं वर्कफ्रंट की बात करें तो वह जल्द ही फिल्म राधे: यॉर मोस्ट वॉन्टेड भाई में दिखाई देंगे। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री दिशा पटानी और अभिनेता रणदीप हुड्डा भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। वैसे तो ये फिल्म ईद पर ही रिलीज होने वाली थी लेकिन कोरोना वायरस लॉकडाउन के कारण इसकी रिलीड डेट आगे बढ़ा दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications