किराए के 3BHK फ्लैट में अजितेश संग रह रहीं साक्षी, भविष्य को लेकर बना रहीं ये प्लान
बरेली। बरेली के बीजेपी विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी ने घरवालों की मर्जी के खिलाफ शादी की थी और परिजनों से अपनी जान को खतरा भी बताया था। सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर अपने घरवालों पर आरोप लगाने के बाद वह कई दिनों तक सुर्खियों में रहीं। बाद में हाईकोर्ट के आदेश के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच अजितेश और साक्षी को सुरक्षित ठिकाने पर भेज दिया गया था। साक्षी अभी कहां रह रही हैं इसके बारे में जानकारी मिल गई है लेकिन सुरक्षा कारणों से इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती है।
Recommended Video

3 बीएचके फ्लैट में रह रहे हैं पति-पत्नी
साक्षी की शादी का मामला जब इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंचा तो अदालत ने दोनों की शादी को वैध मानते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस को सुरक्षा मुहैया करने का आदेश दिया था। कोर्ट के फैसले के बाद यूपी पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया। ऐसा सुरक्षा कारणों से किया गया। इंडियन एक्सप्रेस की एक खबर के मुताबिक, दोनों पुलिस सुरक्षा के बीच एक 3 बीएचके फ्लैट में रह रहे हैं। सुरक्षा कारणों के मद्देनजर दोनों के आवास की जानकारी नहीं दी जा सकती है।

साक्षी बना रहीं भविष्य के लिए प्लान
खबर के मुताबिक, अजितेश फोन के जरिए ही टाइल्स का अपना बिजनेस संभाल रहे हैं, जबकि साक्षी एक्टिंग सीखने की योजना बना रही हैं। दोनों दिल्ली में रहते हुए अपने भविष्य की योजनाओं पर काम कर रहे हैं। इसके पहले, साक्षी ने एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिलने की बात कही थी। साक्षी ने कहा था कि उन्हें अभी भी जान से मारने की धमकी मिल रही है। बीजेपी विधायक की बेटी ने कहा कि उस वीडियो को हर जगह लोगों ने देखा था और अब उनको व्हाट्सऐप और फेसबुक पर रोज धमकियां मिलने लगी हैं।

घरवालों की मर्जी के खिलाफ की थी शादी
साक्षी मिश्रा का कहना था कि उनका घर से निकलना मुश्किल हो गया है और वह भगोड़े की तरह जिंदगी जीने को मजबूर हैं। साक्षी ने बताया, 'मेरे और मेरे पति के बारे में गलत खबरें फैलाई जा रही हैं, हाल ही में किसी ने यूट्यूब पर एक कंटेट पोस्ट कर दिया था कि मेरा अजितेश से तलाक हो गया है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद कई लोगों का मैसेज और कॉल आया कि हम तुम्हें जान से मार देंगे। वे शादी करने के मेरे फैसले को लेकर मुझे बार-बार गालियां दे रहे थे।'












Click it and Unblock the Notifications