शहीद हेमंत करकरे पर साध्वी प्रज्ञा की टिप्पणी के खिलाफ चुनाव आयोग ने शुरू की जांच
नई दिल्ली- शहीद हेमंत करकरे के खिलाफ विवादित टिप्पणी के मामले में चुनाव आयोग ने साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। दरअसल, साध्वी प्रज्ञा ने दावा किया था कि उन्होंने खुद को प्रताड़ित किए जाने के चलते हेमंत करकरे से कहा था कि तुम्हारा सर्वनाश होगा।

प्रज्ञा की विवादित टिप्पणी के खिलाफ शिकायत मिलने की बात मध्य प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी ने कबूल की है। एएनआई को उन्होंने बताया है कि, "भोपाल से बीजेपी की उम्मीदवार प्रज्ञा सिंह ठाकुर के खिलाफ उनके 26/11 के शहीद पर टिप्पणी को लेकर एक शिकायत मिली है। राज्य की चुनाव संस्था ने इस मामले का संज्ञान लिया है और उसकी जांच हो रही है।"
इस बीच बीजेपी ने भी साध्वी प्रज्ञा के बयान से किनारा कर लिया है। पार्टी ने कहा है कि हेमंत करकरे के बारे में उनका बयान निजी है और बीजेपी हेमंत करकरे को शहीद मानती है।
दरअसल, 2008 के मालेगांव धमाके की आरोपी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने तत्कालीन मुंबई एटीएस (ATS) चीफ हेमंत करकरे के बारे में कहा था कि उन्होंने उनसे कहा था कि उनका सर्वनाश होगा और उसके लगभग महीने भर बाद ही उनकी मौत हो गई।
दरअसल, हेमंत करकरे 26/11 के मुंबई हमले में पाकिस्तानी आतंकियों की गोली से शहीद हुए थे। उन्होंने ही मालेगांव धमाके के मामले में प्रज्ञा ठाकुर को एटीएस की रिमांड में लिया था, जिस दौरान साध्वी खुद को बेहद बुरी तरह से प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications