आर्मी चीफ सड़क का गुंडा: राहुल गांधी ने चुप्पी तोड़ी, बोले- ऐसे बयान गलत
पूर्व कांग्रेस सांसद संदीप दीक्षित ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा के बयान के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में थल सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत को 'सड़क का गुंडा' कह दिया था।
नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी पार्टी के नेता संदीप दीक्षित के उस बयान की कड़ी निंदा की है, जिसमें उन्होंने थल सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत को 'सड़क का गुंडा' कहा था। सोमवार को बेंगलुरु में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने कहा, 'किसी राजनेता को आर्मी चीफ पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। ऐसा व्यक्ति जो भारतीय सेना का प्रमुख हो, उसके बारे में कुछ कहने की कोई जरूरत नहीं है। यह बिल्कुल गलत है।'

दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित के बेटे और पूर्व कांग्रेस सांसद संदीप दीक्षित ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा के बयान के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में थल सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत को 'सड़क का गुंडा' कह दिया था।
क्या बोले थे संदीप दीक्षित?
पूर्व सांसद ने कहा था कि पाकिस्तान एक ही चीज कर सकता है कि इस तरह की उलूल-जुलूल चीजें करे, बयानबाजी करे, लेकिन खराब तब लगता है जब हमारे थल सेना अध्यक्ष सड़क के गुंडे की तरह अपने बयान देते हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की फौज में माफिया लोग भरे हैं, लेकिन पता नहीं क्यों हमारे सेना अध्यक्ष भी इस तरह के बयान क्यों देते हैं।'
बाद में मांगी माफी
हालांकि, बाद में गलती का अहसास होने पर उन्होंने माफी मांग ली। उन्होंने कहा कि यदि लगता है कि शब्द गलत थे तो मैं इसे वापस ले सकता हूं। हालांकि उन्होंने सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत की योग्यता और व्यवहार पर फिर सवाल उठाए।
पार्टी ने भी किया किनारा
किरकिरी से बचने के लिए कांग्रेस पार्टी ने संदीप दीक्षित के बयान से खुद को अलग करने में देरी नहीं की। पार्टी नेता मीम अफजल पहले ही संदीप दीक्षित के बयान पर अफसोस जता चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications