सोनिया गांधी ने मिले सचिन पायलट, नई जिम्मेदारी दिए जाने की अटकलें
नई दिल्ली, 21 अप्रैल: राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने 10 जनपथ में आज अंतरिम कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सचिन पायलट और सोनिया गांधी के बीच अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी की रणनीति पर सर्चा हुई है। सूत्रों ने कहा कि पायलट पार्टी में अपनी भविष्य की भूमिका पर फैसला करने के लिए सोनिया गांधी से मिलने आए थे। पायलट से पहले बुधवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी सोनिया से मुलाकात कर चुके हैं।

सचिन पायलट ने कहा कि संगठन के चुनाव हो रहे हैं, उसपर चर्चा हुई है। सचिन पायलट ने मीडिया कर्मियों को बताया कि आने वाले समय में राजस्थान के जो राजनीतिक हालात हैं उसपर भी मैंने अपना फीडबैक दिया है। इसके अलावा पायलट ने सोनिया गांधी के साथ मीटिंग में हुई बातों का जिक्र करते हुए यह भी कहा कि साल 2023 में राजस्थान में चुनाव होने हैं और इस चुनाव में कांग्रेस फिर से वापसी कर सके इसके लिए भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा हुई है।
पायलट ने कहा कि, "राजस्थान एक ऐसा राज्य है जहां हर 5 साल में सरकार बदलती है और मुझे लगता है कि अगर हम सही चीजें करते हैं जैसे हमने करना शुरू कर दिया है, तो हमें उस दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है ताकि कांग्रेस अगले राजस्थान चुनाव जीत सके। आम चुनाव होने के तुरंत बाद यह महत्वपूर्ण है। हम सभी राजस्थान में फिर से सरकार बनाने के लिए एकजुट होकर काम करें। मैं उसे नियमित रूप से अपनी प्रतिक्रिया देता रहा हूं। आज हमने संगठनात्मक चुनावों के बारे में भी बात की, पार्टी को कैसे मजबूत किया जाए।
सूत्रों के हवाले कहा जा रहा है कि पायलट और सोनिया की इस मुलाकात में भविष्य में राज्य में पार्टी के अंदर सचिन पायलट की भूमिका क्या होगी इसपर भी चर्चा हुई है। सूत्रों ने बताया कि सचिन पायलट को नई जिम्मेदारी दी जा सकती है। उन्हें राजस्थान से दिल्ली बुलाया जा सकता है। कांग्रेस राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 की तैयारी में जुटी हुई है। इसी बीच पायलट की सोनिया गांधी से मुलाकात के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।
पहले बुधवार को सीएम गहलोत ने सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की थी। कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि विधानसभा चुनाव 2023 से पहले कांग्रेस आलाकमान सचिन पायलट को प्रदेश में बड़ी जिम्मेदारी दे सकता है। बता दें कि प्रशांत किशोर की कांग्रेस में एंट्री के बाद से ही पार्टी संगठन में कई अहम बदलावों के कयास लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस के 'मेकओवर' की चर्चाओं के बीच अब पायलट की सोनिया गांधी इस मुलाकात को भी लोग इसी नजरिए देख रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications