प्रह्लाद जोशी पर भड़के यूक्रेन में फंसे छात्र के पिता, कहा- 'ना तो नवीन और ना ही मेरा बेटा कमजोर...'
नई दिल्ली, 03 मार्च । रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग से पूरी दुनिया में हड़कंप मचा हुआ है। रूसी सेना ने यूक्रेन के कई हिस्सों पर अपना कब्जा कर लिया है तो वहीं इस जंग में अभी तक हजारों जानें भी जा चुकी हैं। तो वहीं इस वक्त यूक्रेन से भारतीय छात्रों को इंडिया लाने का लगातार प्रयास भी जारी है। अपने बच्चों की सलामती के लिए हर मां-बाप ऊपर वाले से प्रार्थना कर रहा है तो इसी बीच केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी यूक्रेन में से गोलाबारी के शिकार नवीन एसजी के घर पर उनके पिता के पास शोक प्रकट करने गए थे लेकिन वहां पर कुछ ऐसा हुआ जिसकी कल्पना भी केंद्रीय मंत्री ने सपने में नहीं की होगी।

प्रह्लाद जोशी पर भड़के यूक्रेन में फंसे छात्र के पिता
दरअसल नवीन के घर पर वेंकटेश वैसर नाम के एक व्यक्ति भी मौजूद थे, उनका बेटा अमित वैसर भी यूक्रेन में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है और अभी तक भारत नहीं लौटा है। ऐसे में लड़के पिता ने बिलखते हुए कहा कि 'मंत्री जी, नवीन एक असफल छात्र नहीं था, और न ही मेरा बेटा कमजोर है। दोनों ने अपनी SSLC और PU परीक्षा में 90% से अधिक अंक प्राप्त किए। फिर भी, हमें उन्हें यूक्रेन भेजने के लिए मजबूर होना पड़ा क्योंकि हम भारत में मेडिकल सीट नहीं खरीद सकते थे।'

'मेरा बेटा बहुत प्रतिभाशाली था'
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही नवीन के पिता शेखरगौड़ा ने भी प्रहलाद जोशी के बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा था कि 'मेरा बेटा बहुत प्रतिभाशाली था, उसके 97% मार्क्स आते थे लेकिन उसे सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन नहीं मिला था इसके बाद मैंने पाया कि देश में 85 लाख से 1 करोड़ रु. खर्च करके आप कहीं भी प्राइवेट कॉलेज में एडमिशन ले सकते हैं इतना खर्च नहीं कर सकता था इसलिए ही मैंने अपने बेटे को यूक्रेन भेजा था कि वहां थोड़ा सस्ते में मेडिकल हो जाएगा लेकिन ये और ज्यादा महंगा पड़ गया, मेरा बेटा ही नहीं रहा।'

क्या कहा था प्रहलाद जोशी ने?
केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने विवादास्पद दावा करते हुए कहा था कि 'विदेशों में मेडिकल की पढ़ाई करने वाले 90 प्रतिशत भारतीय छात्र भारत में योग्यता परीक्षा पास करने में विफल रहते हैं। हालांकि यह इस विषय पर बहस करने का सही समय नहीं है कि छात्र मेडिकल की पढ़ाई करने विदेश क्यों जा रहे हैं?
कांग्रेस और सपा ने की आलोचना
जोशी के इस बयान पर सियासत भी गर्मा गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस के दिग्गज नेता हरीश रावत ने भी जोशी के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा सही से भारतीय छात्रों को यूक्रेन वापस लाने की मदद नहीं कर रही है। हालांकि केंद्रीय मंत्री जोशी बेंगलुरू से करीब 300 किलोमीटर दूर हावेरी के चालगेरी में रहने वाले नवीन के परिवार को आश्वासन दिया है कि केंद्र उनके बेटे के पार्थिव शरीर को घर पहुंचाने के लिए हर संभव मदद करेगा।












Click it and Unblock the Notifications