अब कोरोना से जानवरों का भी होगा बचाव, रूस ने पहली Covid Vaccine की तैयार
मॉस्को। कोरोना वायरस के खिलाफ अभी मानव वैक्सीन को लेकर रिसर्च चल ही रही है कि इस बीच रूस ने बड़ी घोषणा करते हुए जानवरों के लिए पहली कोविड वैक्सीन बनाने का दावा किया है। रूस ने कहा है कि वह इस अप्रैल में कॉर्निवैक-सीओवी (Carnivac-Cov) नाम की इस वैक्सीन का उत्पादन शुरू कर देगा।

रूस में कृषि से जुड़े मामलों पर नजर रखने वाली एजेंसी रोसेलखोज्नाजोर ने बताया कार्निवैक-सीओवी वैक्सीन के लिए पिछले साल अक्टूबर में ही कुत्ते, बिल्ली, ऊदबिलाव, लोमड़ी और दूसरे जानवरों पर ट्रायल शुरू कर दिया गया था और इसे असरदार पाया गया था।
Recommended Video
100 प्रतिशत एंटीबॉडी हुई विकसित
एजेंसी के उप प्रमुख कॉस्टैंटाइन सैवेनकॉव ने कहा कि "टेस्ट के दौरान जिन जानवरों को वैक्सीन दी गई थी उन सभी में शत प्रतिशत कोरोना वायरस के खिलाफ एंटीबॉडी विकसित हुई है।" उन्होंने कहा "यह दुनिया की पहली और इकलौती वैक्सीन है जो जानवरों को कोरोना वायरस से सुरक्षा प्रदान करती है।"
रोसेलखोज्नाजोर ने अपने बयान में कहा है कि वैक्सीन के विकास से जानवरों में कोरोना वायरस के म्यूटेशन को रोकने में मदद मिलेगी। इसमें डेनमार्क सरकार के उस आदेश का भी हवाला दिया गया जिसमें पिछले साल कोरोना वायरस म्यूटेशन के चलते 1.5 करोड़ ऊदबिलाओं को मारने का आदेश दिया गया था।
बयान में कहा गया है "रूसी वैज्ञानिकों के मुताबिक वैक्सीन का इस्तेमाल वायरस में म्यूटेशन विकसित होने से रोकने में मदद करेगा।"
बेचने की तैयारी कर रहा रूस
रूस इस वैक्सीन को बेचने की भी तैयारी कर रहा है। बयान में कहा गया है कि ग्रीस, पोलैण्ड, अमेरिका, कनाडा, आस्ट्रिया और सिंगापुर में जानवरों का प्रजनन कराने वाली एजेंसियां और प्राइवेट कंपनियों ने इस वैक्सीन को लेकर रुचि दिखाई है।
वहीं रूस के दूसरे प्रमुख शहर सेंट पीटर्सबर्ग में सेना के अधिकारियों ने कहा है कि सेना में तैनात कुत्तों को एयरपोर्ट पर तैनात किए जाने और मई में होने वाली द्वितीय विश्वयुद्ध की याद में होने वाली परेड के पहले अनिवार्य रूप से वैक्सीन दी जाएगी।
इंसानों के लिए भी बनाई थी पहली वैक्सीन
रूस ने सबसे पहले इंसानों के लिए कोरोना वायरस वैक्सीन स्पुतनिक-वी भी बनाई थी। रूस ने उस वैक्सीन को विदेशों में बेचने को लेकर बहुत कोशिश की लेकिन उसे आशातीत सफलता नहीं मिल सकी। यहां तक कि रूस में भी कई इलाकों में घरेलू वैक्सीन को लेकर लोगों ने अनिच्छा जताई है।












Click it and Unblock the Notifications