महाभारत की द्रोपदी को इसलिए संसद की दहलीज तक लाई बीजेपी
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब के नाराज नेता नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे से खाली हुई राज्यसभा सीट पर अभिनेत्री रूपा गांगुली को संसद के उच्च सदन के लिए नामित किया है।

भाजपा महिला मोर्चा की पश्चिम बंगाल इकाई की अध्यक्ष रूपा गांगुली को भाजपा ने राज्यसभा भेजा है। पंजाब में भाजपा का अहम चेहरा रहे क्रिकेटर से राजनेता बने नवजोत सिंह सिद्धू ने कुछ समय पहले भाजपा नेतृत्व से नाराज होकर राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा देकर अपनी पार्टी बना ली है। उनकी जगह अब अभिनेत्री से नेता बनीं रूपा गांगुली लेंगी।
लंबे समय तक वामपंथी दलों की करीबी रहीं रूपा गांगुली 2015 में भाजपा में शामिल हुई थीं। इस साल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें हावड़ा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वो तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार क्रिकेटर लक्ष्मीरतन शुक्ला से चुनाव हार गई थीं।
ये है रुपा को राज्यसभा भेजने की वजह
पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष का कहना है कि रूपा गांगुली पश्चिम बंगाल का जाना-पहचाना चेहरा हैं। इसलिए रूपा गांगुली तृणमूल कांग्रेस और वामपंथियों के गढ़ में जमीन तलाश रही भाजपा के लिए बड़ा सहारा बन सकती हैं।
घोष के मुताबिक रूपा राजनीति में बहुत पुरानी नहीं हैं, लेकिन उनसे लोगों को काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने कहा कि रुपा एक महिला नेता के तौर पर जिस तरह से उभरी हैं, उससे उनके ममता बनर्जी को टक्कर देने की उम्मीद पार्टी को है।
घोष के मुताबिक 2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य पश्चिम बंगाल की 42 में से 22 सीटें जीतना है। रूपा गांगुली को राज्यसभा भेजने के पीछे पार्टी की सोच उन्हें लोकसभा चुनाव में स्टार प्रचारक बनाने की भी है।
द्रौपदी के किरदार ने किया था मशहूर
विधानसभा चुनाव के दौरान रुपा विवादों में भी आई थीं जब वोटिंग के दौरान रूपा गांगुली कैमरे पर तृणमूल कांग्रेस की महिला समर्थक को थप्पड़ मारते पकड़ी गई थीं। इसके कुछ दिन बाद उनपर भी हमला हुआ था जिसमें वो घायल हो गई थीं।
साल 1988 में शुरू हुए धारावाहिक 'महाभारत' में द्रौपदी का किरदार अदा कर रूपा पहली बार सुखिर्यों में आई थीं। रूपा ने 1990 और 2000 के दशक में कुछ हिंदी और बंगाली फिल्मों में अभिनय भी किया ।
रूपा गांगुली ने कहा कि राज्यसभा सांसद की अपनी जिम्मेदारी को वो पूरी निष्ठा से निभाने की कोशिश करेंगी। उन्होंने कहा कि वो देश के लिए अपना 100 प्रतिशत देंगी।












Click it and Unblock the Notifications