रिया के WhatsApp चैट्स से एनसीबी के हाथ लगी बड़ी सफलता, सप्लायर तक पहुंचने के बाद गिरफ्तारी जल्द
नई दिल्ली। सुशांत सिंह राजपूत मामले में नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने जांच तेज कर दी है। दरअसल रिया के डिलीट व्हॉट्सएप चैट से ड्रग्स डिलींग और अभिनेता को ड्रग्स दिए जाने से संबंधित जानकारी सामने आई थी। अब इस एंगल में जांच जैसे जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे ही रिया की मुश्किलें भी बढ़ती जा रही हैं। एनसीबी नार्कोटिक ड्रग्स और साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट (एनडीपीएस) की कई धाराओं के तहत रिया और उनके जानने वाले तीन लोगों के खिलाफ जांच कर रहा है। बताया जा रहा है कि इसमें एनसीबी के हाथ बड़ी सफलता लगी है।
Recommended Video

दो सप्लायर तक पहुंची एनसीबी
रिया के इन चैट्स के जरिए एनसीबी ड्रग्स की सप्लाई करने वाले दो सप्लायर तक पहुंच गई है। इनकी गिरफ्तारी भी जल्द हो सकती है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक सूत्रों के हवाले से खबर आई है कि इन दो सप्लायर को फिलहाल हिरासत में रखा गया है। जिसके बाद अब शनिवार को इनकी गिरफ्तारी हो सकती है। आपको बता दें एनसीबी इस मामले में ड्रग्स की मांग और सप्लाई के लिंक को लेकर जांच कर रही है, जिसमें रिया सहित अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एनसीबी के अलावा इस मामले की जांच सीबीआई और ईडी भी कर रहे हैं।

आज गिरफ्तार हो सकते हैं सप्लायर
इन दोनों सप्लायर की गिरफ्तारी के बाद उनसे ड्रग्स को लेकर सवाल पूछे जाएंगे कि वह किसके कहने पर किसे-किसे नशीले पदार्थ की सप्लाई किया करते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, एक अधिकारी का कहना है, 'सप्लायर्स को नशीले पदार्थ की सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया जाएगा। हम उनसे पूछताछ करेंगे कि वह किसे इस पदार्थ की सप्लाई करते थे और इन सबमें रिया की क्या भूमिका है।' अधिकारी ने ये भी बताया कि ड्रग को अमेरिका के कैलिफोर्निया से मंगाया जाता है और फिर मशहूर पार्टियों में इसका इस्तेमाल होता है। इस ड्रग से नशा तुरंत चढ़ जाता है।

ईडी ने एनसीबी को सौंपी चैट्स की जानकारी
अधिकारियों ने दावा किया है कि ईडी के हाथ रिया के जो डिलीट व्हॉट्सएप चैट लगे हैं, उनमें वह ड्रग्स को लेकर बात कर रही हैं। इन्हीं चैट्स को एनसीबी को सौंपा गया है। जिसके आधार पर एजेंसी ने मामला दर्ज किया। इस मामले में ईडी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रहा है। अभी तक ईडी ने रिया चक्रवर्ती, उनके पिता और भाई से पूछताछ की है। ईडी ने शुक्रवार को गोवा स्थित होटल के मालिक गौरव आर्या को 31 अगस्त को पेश होने के लिए समन भेजा है। जब टीम गौरव आर्या से संपर्क नहीं कर पाई तो उसके होटल के बाद दस्तावेज चिपकाया गया है।

सीबीआई ने रिया को फिर पूछताछ के लिए बुलाया
वहीं सीबीआई भी इस मामले में पूछताछ कर रही है। शुक्रवार को सीबीआई ने रिया चक्रवर्ती, उनके भाई शौविक चक्रवर्ती से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की है। इससे पहले गुरुवार को भी शौविक से पूछताछ हुई थी। इसके अलावा एजेंसी ने सुशांत के फ्लैटमेट सिद्धार्थ पिठानी और हाउसस्टाफ से पूछताछ की है। सीबीआई ने शनिवार को एक बार फिर रिया को पूछताछ के लिए बुलाया है। दरअसल सुशांत के परिवार ने रिया चक्रवर्ती, उनके परिवार और कुछ अन्य लोगों पर सुशांत को आत्महत्या के लिए उकसाने, उनके साथ धोखाधड़ी करने और उनके पैसे हड़पने का आरोप लगाया था। परिवार ने बिहार में एफआईआर दर्ज करवाई थी, जिसके बाद केस सीबीआई के हाथों में आ गया है। हालांकि मामले में नए खुलासे होने के बाद अब परिवार रिया पर सुशांत को बिना बताए ड्रग्स देने का आरोप लगा रहा है। साथ ही परिवार का कहना है कि अब उन्हें ऐसा लगता है कि सुशांत की हत्या की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications