89 साल के रिटायर जवान ने की पत्नी और बेटी की हत्या, बोला- उनका दर्द नहीं देख सकता था
मुंबई, 9 फरवरी: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में एक दर्दनाक घटना हुई, जहां एक रिटायर जवान ने अपनी पत्नी और बेटी की गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद पुलिस के सामने उसने अपना जुर्म कबुल कर लिया। आरोपी के मुताबिक लंबे वक्त से उसकी पत्नी और बेटी दोनों बिस्तर पर थीं। पिछले 10 साल उसके लिए काफी मुश्किल भरे रहे, जिस वजह से उसने ये खौफनाक कदम उठाया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की बेटी (55 साल) मानसिक रूप से विकलांग थी, जबकि उसकी पत्नी की उम्र 81 साल थी। तीनों अंधेरी के शेर-ए-पंजाब कॉलोनी में प्रेम संदेश सोसाइटी में रहते थे। हत्या की वारदात को रविवार को ही पूर्व सैनिक ने अंजाम दिया था, लेकिन पुलिस को उसकी जानकारी सोमवार को हुई। हत्या के बाद आरोपी फरार होने की बजाए घर पर ही बैठा रहा। जब पुलिस टीम पहुंची, तो दो शव खून से लथपथ बिस्तर पर पड़े मिले।
आरोपी की दूसरी बेटी गुरबिंदर कौर के मुताबिक रविवार रात करीब साढ़े 8 बजे उनके पिता पुरुषोत्तम सिंह गंधोक (89) ने मां जसबीर कौर (81) और बहन कमलजीत कौर की हत्या कर दी। इसके बाद सुबह करीब 8.40 बजे पिता ने उनको फोन करके सारी जानकारी दी। आनन-फानन में गुरबिंदर अपने पति और बेटे के साथ मायके पहुंचीं। उनके पिता शुरू में दरवाजा खोलने को तैयार नहीं थे, जिस पर वो चिल्लाईं। कुछ देर उन्होंने जवाब नहीं दिया, लेकिन बाद में दरवाजा खोल दिया।
गुरबिंदर अपने पति के साथ मेघवाड़ी पुलिस स्टेशन पहुंचीं और पुलिस टीम को लेकर आईं। पुलिस टीम जब अंदर पहुंची तो गंधोक शांत होकर कमरे में बैठे थे। जब गुरबिंदर कौर ने अपने पिता से पूछा कि उन्होंने ऐसा क्यों किया, तो आरोपी ने कहा कि मुझसे दोनों की बीमारियां और दर्द देखा नहीं जा रहा था। जिस वजह से मैंने उन्हें मार डाला। फिलहाल पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications