Republic Day पर ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी: छोटा होगा परेड का रूट, दर्शकों की संख्या भी कम
नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस के मौके पर 26 जनवरी को होने वाली परेड के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के ज्वाइंट कमिश्नर मनीष अग्रवाल ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। उन्होने बताया कि गणतंत्र दिवस पर आयोजित परेड का रूट छोटा करने के साथ ही इसमें आमंत्रितों की संख्या में भी कमी की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि कोविड 19 प्रोटोकॉल को देखते हुए सभी प्रवेश द्वारों पर मेडिकल टीमों की तैनाती की जा रही है। साथ ही टिकटों या आमंत्रण कार्ड के बगैर किसी को भी परेड स्थल पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में ज्वाइंट कमिश्नर ने कहा कि गणतंत्र दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल के मद्देजनर राजधानी दिल्ली में 23 जनवरी को विजय चौक, रफी मार्ग, जनपथ, मान सिंह रोड पर ट्रैफिक को अनुमति नहीं होगी। उन्होने ने लोगों से अपील की है कि 23 जनवरी की सुबह जब भी घर से निकलें तो ट्रैफिक एडवाइजरी को जरूर ध्यान में रखें। अग्रवाल ने कहा कि 26 जनवरी को सुबह 4 बजे से नेताजी सुभाष मार्ग को भी बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 23 जनवरी को केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन को सुबह 5 बजे से दोपहर 12 तक बोर्डिंग और डिबोर्डिंग के लिए बंद किया जाएगा।
किसानों की प्रस्तावित ट्रैक्टर रैली पर बोलते हुए ज्वाइंट कमिश्नर ने कहा कि गणतंत्र दिवस की परेड बिना किसी व्यवधान के कराना हमारा कर्तव्य है और हम इसके लिए प्रतिबद्ध हैं। हम अभी किसी विशेष उपाय की बात नहीं कर सकते। हम किसानों के साथ बात कर रहे हैं, उम्मीद है जल्द ही कोई समाधान निकलेगा।












Click it and Unblock the Notifications