सांड की आंख: नीना गुप्ता बोलीं- हमारी उम्र के रोल तो हमें दे दो, अब तापसी ने दिया जवाब
अभिनेत्री तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर की आगामी फिल्म सांड की आंख का ट्रेलर सोमवार को रिलीज हुआ है। जिसमें दोनों अभिनेत्रियां बुजुर्ग शार्प शूटर प्रकाश तोमर और चंद्रो तोमर का किरदार निभा रही हैं।
इन महिलाओं ने 60 साल की उम्र के बाद शूटिंग की प्रैक्टिस शुरू की थी और दुनियाभर में नाम कमाया। ट्रेलर रिलीज होते ही फिल्म से जुड़े सभी लोगों को बधाइयां मिलने लगीं। तभी अभिनेत्री नीना गुप्ता ने सोशल मीडिया पर अलग तरह का कमेंट कर दिया।

सोशल मीडिया पर ट्रेलर के आते ही एक यूजर ने लिखा, "मुझे भूमि पेडनेकर और तापसी पन्नू पंसद हैं लेकिन मुझे लगता है कि इन रोल्स के लिए उम्रदराज अभिनेत्रियों को लिया जाना चाहिए था। क्या सांड की आंख में आप नीना गुप्ता, शबाना आजमी और जया बच्चन के बारे में सोच सकते थे।" तभी इसपर नीना गुप्ता की प्रतिक्रिया आई। उन्होंने कहा, "हां मैं भी इस बारे में सोच रही थी, हमारी उम्र के रोल तो कम से कम हमसे करा लो भाई।"

उम्रदराज अभिनेताओं को क्यों कास्ट नहीं किया जाता
नीना गुप्ता बीते साल आई फिल्म बधाई हो में आयुष्मान खुराना की मां के किरदार में दिखाई दी थीं। इस रोल के लिए उनकी काफी प्रशंसा भी की गई। वहीं नीना के ऐसा कमेंट करने के बाद उनका साथ सोनी रजदान ने भी दिया।
उन्होंने कहा, "इमानदारी से कहूं तो मुझे ये दोनों अभिनेत्री पसंद हैं लेकिन ऐसा क्यों होता है? मुझे ऐसा लगता है कि बॉक्स ऑफिस सभी के लिए बराबर है। तो फिर 60 साल के बुजुर्गों पर फिल्म क्यों बनाई जाती है, जब आप असली अधिक उम्र वाले अभिनेताओं को कास्ट नहीं कर सकते?"

नीना गुप्ता ने कमेंट किया
अब तापसी ने जवाब देते हुए कई उदाहरण पेश किए हैं। उन्होंने कहा, "फिल्म सारांश में 20 साल के अनुपम खेर ने एक बूढ़े आदमी का किरदार निभाया था। शुभ मंगल ज्यादा सावधान में आयुष्मान गे मैन का किरदार निभा रहे हैं। क्या इनसे सवाल पूछा गया?
क्या ये सारे सवाल केवल हमारे लिए हैं?" तापसी के इस जवाब के बाद तुरंत नीना गुप्ता ने कमेंट किया। उन्होंने लिखा कि उन्हें फिल्म का ट्रेलर पसंद आया है। साथ ही वह दोनों अभिनेत्रियों का सम्मान भी करती हैं। इसके बाद नीना ने फिल्म के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा, चलो, अपना टाइम आएगा।

फिल्म का निर्देशन तुषार हीरानंदानी ने किया
गौरतलब है कि फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही यूट्यूब पर पहले नंबर पर ट्रेंड कर रहा है। अभी तक इसे करीब डेढ़ करोड़ बार देखा जा चुका है। ट्रेलर को अधिकतर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही हैं।
फिल्म का निर्देशन तुषार हीरानंदानी ने किया है और अनुराग कश्यप ने प्रोडक्शन की कमान संभाली है। फिल्म इस साल दिवाली पर रिलीज हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications