जाने-माने पत्रकार रवीश तिवारी का कैंसर से निधन, पीएम मोदी ने ट्वीट कर जताया दुख
रवीश तिवारी जून 2020 से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे।
नई दिल्ली, 19 फरवरी: पत्रकारिता जगत से एक बेहद बुरी खबर आई है। जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार रवीश तिवारी का शनिवार सुबह निधन हो गया। 40 वर्षीय रवीश तिवारी कैंसर से पीड़ित थे और जून 2020 से इस बीमारी से लड़ रहे थे। रवीश तिवारी के परिवार में उनकी पत्नी, माता-पिता और एक भाई हैं। अपने करियर के दौरान रवीश तिवारी ने कई बड़े पत्रकारिता संस्थानों में काम किया था। रवीश तिवारी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, केंद्रीय मंत्री रामनाथ कोविंद और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित बड़े नेताओं ने ट्वीट कर शोक प्रकट किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रवीश तिवारी के निधन पर ट्वीट करते हुए लिखा, 'रवीश तिवारी को किस्मत ने हम लोगों से बहुत जल्द छीन लिया। उनके निधन से आज मीडिया जगत में एक उज्ज्वल करियर का अंत हो गया। मुझे उनकी रिपोर्ट्स पढ़ना अच्छा लगता था और मैं अक्सर उनसे बात भी किया करता था। वो काफी व्यावहारिक और विनम्र थे। उनके परिजनों और दोस्तों के प्रति मैं संवेदना प्रकट करता हूं। ओम शांति।'
'मीडिया में एक प्रखर आवाज खत्म हो गई'
रवीश तिवारी के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शोक प्रकट करते हुए कहा, 'रवीश तिवारी के लिए पत्रकारिता एक जुनून था और उन्होंने कई आकर्षक अवसरों के बावजूद इसे चुना। उनके पास रिपोर्टिंग की एक गहरी समझ थी। उनके अचानक निधन की खबर से न्यूज मीडिया में एक प्रखर आवाज खत्म हो गई है। उनके परिवार, दोस्तों और सहकर्मियों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।'
वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्वीट में लिखा, 'वरिष्ठ पत्रकार रवीश तिवारी का असामयिक निधन बहुत ही दुखद है। उनके परिवार, दोस्तों और न्यूज रूम के सहयोगियों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।'












Click it and Unblock the Notifications