...तो क्या पाकिस्तान के PM इमरान खान की पत्नी होतीं बॉलीवुड एक्ट्रेस रेखा, लगभग होने ही वाली थी शादी!
मुंबई, 13 मई। बॉलीवुड और क्रिकेट के बीच काफी पुराना नाता है। नीना गुप्ता हों या अनुष्का शर्मा कई बॉलीवुड स्टार्स का क्रिकेटर्स के साथ सफल-असफल रिश्ता रहा है। शादी हो या लव अफेयर क्रिकेटर्स और एक्ट्रेस के बीच अब यह आम बात हो चुकी है। आज हम आपको ऐसे एक किस्से से रूबरू कराने जा रहे हैं जिसके बारे में शायद ही आपने इससे पहले कभी सुना हो। आपको जानकर हैरानी होगी कि एक समय में बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा रेखा का नाम पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान इमरान खान के साथ जुड़ चुका है जो आज पाकिस्तान के ही प्रधानमंत्री हैं।

सोशल मीडिया पर रेखा और इमरान की शादी की चर्चा
भुला दिया गया सालों पुराना यह किस्सा इन दिनों फिर से सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है। इंस्टाग्राम पर एक न्यूज पेपर की कटिंग इन दिनों खूब वायरल हो रही है जिसमें रेखा और इमरान खान को लेकर एक खबर लिखी गई है। साल 1985 के समय की यह न्यूज कटिंग स्टार न्यूजपेपर की है। इसमें रेखा और इमरान खान की तस्वीर नजर आ रही है, साथ ही जो न्यूज लिखी है वह दोनों की शादी से संबंधित है।

करीब-करीब होने ही वाली थी शादी
वैसे तो बॉलीवुड एक्ट्रेस रेखा का कई एक्टर्स के साथ नाम जुड़ा जिसमे से अमिताभ बच्चन का नाम सबसे मशहूर है। हालांकि ऐसा भी कहा जाता है कि इमरान खान और रेखा की शादी करीब-करीब होने ही वाली थी। वायरल हो रहे न्यूज पेपर में भी स्पष्ट लिखा है कि दोनों की शादी होने वाली है, लेख में भारतीय फिल्म जर्नल मूवी के हवाले से दोनों की शादी की बात का खुलासा किया गया है।

नाइटक्लब्स और बीच पर भी नजर आए साथ
उस जमाने में भी रेखा और इमरान के अफेयर के चर्चे हुआ करते थे। कहा जाता है कि रेखा और इमरान खान एक दूसरे के प्यार में पड़ गए थे, इतना ही नहीं उनके रिश्ते को रेखा के मां की भी मंजूरी मिल गई थी। न्यूज पेपर में छपे लेख के अनुसार उन दिनों इमरान खान पूरे एक महीने के लिए मुंबई में रुक गए थे। इस दौरान उनके और रेखा के बीच मुलाकातें बढ़ने लगीं, दोनों नाइटक्लब्स और समुद्र बीच पर भी देखे जाने लगे थे।

रेखा की मां को पसंद थे इमरान खान
इस रिपोर्ट में रेखा के मां का हवाला देते हुए कहा गया कि उन्हें लगता था इमरान के अलावा एक्ट्रेस के लिए कोई और अच्छा जीवनसाथी नहीं हो सकता। लेख में यह भी कहा गया है कि रेखा की मां इस रिश्ते के लिए दिल्ली भी गई थीं और ज्योतिषी से भी मिली थीं। वह जानना चाहती थीं कि क्या उस समय के पाकिस्तानी क्रिकेटर इमरान खान उनकी बेटी रेखा के लिए सही पार्टनर होंगे या नहीं।

इमरान खान ने कबूल किया था रिलेशनशिप
हालांकि ज्योतिषी ने क्या कहा यह तो कोई नहीं जानता लेकिन दोनों किसी वजह से एक नहीं हो सके। एक इंटरव्यू में खुद इमरान खान ने कहा था कि उन्होंने रेखा के साथ कभी ना भूल पाने वाले समय बिताया, लेकिन अब मुझे इस रिलेशनशिप से बाहर आना पड़ेगा। इमरान ने कहा था कि मेरा किसी फिल्म एक्ट्रेस से शादी करने का इरादा नहीं है। उधर, रेखा ने कभी इस रिलेशनशिप पर कुछ खुलकर नहीं कहा।
यह भी पढ़ें: इस बात को लेकर भड़कीं सोना महापात्रा ने अनु मलिक को कहा 'वहशी', रेखा पर भी कसा तंज












Click it and Unblock the Notifications