लौटी ताजमहल की रौनक, पर्यटकों की संख्या ने पहली बार छुआ ये आंकड़ा
लखनऊ। कोरोना वायरस महामारी के चलते पिछले कई महीनों से सार्वजनिक स्थलों पर जाने से लोग कतरा रहे थे, खुद प्रशासन लोगों से इन जगहों पर नहीं जाने की अपील कर रहा था। लेकिन समय के साथ अब परिस्थितियां भी बदलने लगी हैं। आगरा के ताजमहल में भी पर्यटकों की आमद शुरू हो गई है। गुरुवार को ताजमहल को देखने रिकॉर्ड संख्य़ा में दर्शक पहुंचे। कोरोना के चलते लॉकडाउन के बाद जबसे ताजमहल आम पर्यटकों के लिए खुला उसके बाद पहली बार यहां 5000 पर्यटक ताजमहल का दीदार करने के लिए पहुंचे।

हेरिटेज वीक की शुरुआत
गुरुवार यानि 19 नवंबर को वर्ल्ड हेरिटेड वीक की शुरुआत का पहला दिन था, इसकी वजह से ऑर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंदिया ने फैसला लिया था कि वह पर्यटकों को मुफ्त में ताजमहल का दीदार करने देगी। गुरुवार को ताजमहल का दीदार करने के लिए 5800 लोग पहुंचे, जिसमे 800 बच्चे भी शामिल थे। 15 साल तक के बच्चों से ताजमहल के दीदार के लिए किसी भी तरह का टिकट गुरुवार को नहीं लिया गया।

सामान्य दिनों में 25000 लोग करते हैं दीदार
ताजमहल के अलावा आगरा फोर्ट को देखने के लिए भी पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंचे। गुरुवार को 2500 पर्यटक आगरा फोर्ट देखने के लिए पहुंचे। बता दें कि सामान्य दिनों में ताजमहल को देखने के लिए तकरीबन 25000 लोग पहुंचा करते थे, जबकि आगरा फोर्ट को देखने के लिए तकरीबन 15000 लोग पहुंचा करते थे। एएसआई (आगरा सर्किल) के सुप्रिटेंडेंट वसंत स्वर्णकर ने बताया कि 19 नवंबर को वर्ल्ड हेरिटेज वीक मनाया गया, यह 25 नवंबर तक चलेगा, इसकी वजह से यहां पर्यटकों की संख्या 5000 को पार कर गई। इस दौरान कोविड-19 से जुड़े सभी प्रोटोकॉल का पालन किया गया।

विदेशी पर्यटकों के लिए 1100 रुपए का टिकट
बता दें कि आगरा का ताजमहल और आगरा फोर्ट दोनों ही 21 सितंबर को फिर से पर्यटकों के लिए खोले गए थे। 188 दिनों तक बंद रहने के बाद दोनों ही इमारतों को आम लोगों के लिए खोला गया था। हालांकि ताजमहल में एक दिन में अधिकतम 5000 पर्यटकों के आने की अनुमति है। जबकि आगरा फोर्ट में एक दिन में 2500 पर्यटकों के ही आने की अनुमति है। सामान्य दिनों में भारतीय पर्यटकों को ताजमहल देखने के लिए 50 रुपए का टिकट लेना पड़ता है, जबकि सार्क व बिम्सटेक देशों के लोगों को 540 रुपए का टिकट लेना पड़ता है। बाकी देशों के पर्यटकों से 1100 रुपए टिकट के शुल्क के तौर पर लिए जाते हैं। यहां बने मुख्य म्युजियम को देखने के लिए 200 रुपए अतिरिक्त देने पड़ते हैं।












Click it and Unblock the Notifications