देश में कोरोना वायरस का संक्रमण अपने चरम पर, 5244 नए मामले सामने आए
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार हर रोज हजारो लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो रहे हैं, अहम बात यह है कि हर रोज यह अपने शीर्ष पर पहुंच रहा है। पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 5242 नए मामले सामने आए हैं। कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले अब 13.8 दिनों में दोगुने हो रहे हैं। यह अन्य देशों की तुलना में कोरोना वायरस संक्रमण बढ़ने की सर्वाधिक दर है।

96169 लोग संक्रमित
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार पूरे देश में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले 96169 हो गए हैं, जबकि इस संक्रमण से मरने वालों की संख्या 3029 पहुंच चुकी है। महाराष्ट्र में संक्रमण सबसे अधिक बढ़ रहा है, यहां संक्रमण के कुल मामले 33053 हो गए हैं ,जबकि पिछले 24 घंटों में 2347 मामले सामने आ चुके हैं। प्रदेश में कोरोना से 1198 लोगों की मौत हो चुकी है।

अन्य प्रदेशों का हाल
गुजरात की बात करें तो यहां पिछले 24 घंटों में कोरोना से 34 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके साथ ही कोरोना से मरने वालों की संख्या प्रदेश में 659 हो गई है। तमिलनाडु में कुल 79 लोगों की मौत हो चुकी है, यहां 659 नए संक्रमण के मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार को कहा गया है कि कोरोना वायरस से मृत्यु दर 3.1 फीसदी हो गई है, जबकि सही होने की दर 37.5 फीसदी है।

प्रति दिन एक लाख लोगों का टेस्ट
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि 3.1 फीसदी मरीज आईसीयू में हैं, जबकि 0.45 फीसदी वेंटिलेटर पर हैं और 2.7 फीसदी लोग ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। भारत में टेस्टिंग की क्षमता देश के 373 सरकारी लैब, 152 प्राइवेट लैब की मदद से एक लाख प्रति दिन तक पहुंच गई है। अभी तक देश में कुल 2279324 लोगों का टेस्ट हो चुका है। भारत ने संक्रमण के मामले में चीन को पिछले हफ्ते पीछे छोड़ दिया है और अब वह इरान से पीछे है, जहां कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 120198 है।












Click it and Unblock the Notifications