नोटबैन के परिणाम बेहद शानदार रहे हैं: रवि शंकर प्रसाद
नोट बैन के अपने फैसले के लिए विपक्ष की आलोचना झेल रही केंद्र सरकार ने इसके परिणाम शानदार बताए हैं।
नई दिल्ली। नोट बैन के अपने फैसले के लिए विपक्ष की आलोचना झेल रही केंद्र सरकार ने इसके परिणाम शानदार बताए हैं। केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने बताया है कि फैसले ने आतंकवादियों की कमर तोड़ दी है।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि नोट बैन के परिणाम सामने हैं, बैंकों में 4 लाख करोड़ की रकम आई है। ये सब साफ पैसा है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों को पहुंचने वाला धन अब रुक गया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि माओवादियों और दूसरे चरमपंथियों को अब फंडिंग नहीं हो रही है। इससे इन ताकतों को नुकसान हुआ है और वो कमजोर पड़ गई हैं। रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि नोटबैन के बाद भारत की अर्थव्यवस्था सुधरी है और सुरक्षा मजबूत हुई है।
आपको बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने मंगलवार 500 और 1000 के नोट पर बैन की बात कही थी। राष्ट्र के नाम संबोधन में पीएम ने कहा था कि ब्लैक मनी पर प्रहार करने के लिए 1000 के नोट बंद होंगे जबकि 500 के नोट बदले जाएंगे।
विपक्ष सड़क से संसद तक कर रहा है नोटबैन का विरोध
पीएम मोदी के फैसले पर विपक्ष दल कड़ा एतराज जता रहे हैं। अखिलेश यादव फैसले का विरोध कर चुके हैं, तो वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी फैसले को जनता पर मार कह चुके हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इसे एक खराब फैसला बता रहे हैं। दोनों फैसले के खिलाफ सड़क पर हैं।
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे इस फैसले की कड़ी आलोचना कर चुके हैं। बसपा सुप्रीमो मायावती ने 500 और 1000 के नोट को आर्थिक आपातकाल कहा है।
विपक्ष के तमाम विरोध को दरकिनार करते हुए सत्तापक्ष लगातार इस बात को दोहरा रहा है कि जनता नोटबैन के फैसले से खुश है और देश पीएम मोदी के साथ है।












Click it and Unblock the Notifications