अब टीवी पर क्विज शो The Big Picture होस्ट करेंगे रणवीर सिंह, तस्वीर देख दीजिए जवाब, जीतिए करोड़ो
मुंबई, 04 जुलाई। बड़े पर्दे पर बैंड बाजा बारात, बाजीराव मस्तानी, गली ब्वॉय जैसी फिल्मों से धमाल मचाने के बाद बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह टीवी पर धमाल मचाने की तैयारी कर रहे हैं। टीवी पर रणवीर सिंह पहली बार एंट्री करने जा रहे हैं। वह क्विज शो द बिग पिक्चर को होस्ट करेंगे। खुद रणवीर सिंह ने इस शो का प्रोमा सोशल मीडिया पर साझा किया है। प्रोमो में रणवीर सिंह बताते हैं कि तस्वीरों के जरिए इस क्विज शो में सवाल पूछे जाएंगे और जवाब देने वाला करोड़ो के इनाम जीत सकता है।

12 तस्वीर और करोड़ो का इनाम
इस क्विज शो में लोगों की विजुअल मेमोरी को टेस्ट किया जाएगा। तस्वीरों के माध्यम से शो में हिस्सा लेने वालों से सवाल पूछा जाएगा। इस शो में प्रतियोगी तस्वीरों को देखकर सवाल का जवाब दे सकते हैं और करोड़ो रुपए के इनाम जीत सकते हैं। क्विज शो में प्रतिभागी को 12 तस्वीरों को देखकर उनके जवाब देने हैं। शो में प्रतिभागी के पास तीन लाइफ लाइन भी होगी, जिसका इस्तेमाल वह सवालों के जवाब देने में कर सकता है।

तस्वीर देखकर देना होगा जवाब
शो की खास बात यह है कि यह महामारी के बीच शुरू हो रहा है, लिहाजा दर्शक घर बैठे इस शो में हिस्सा ले सकते हैं और तस्वीरों के जरिए सवालों का जवाब देकर करोड़ो रुपए के इनाम जीत सकते हैं। इस शो की 3 जुलाई से ही लगातार चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर इस शो को लेकर अलग-अलग टीजर और तस्वीरें साझा की गई हैं। यह शो कलर्स टीवी पर प्रसारित किया जाएगा।

शो में नए अवतार में दिखेंगे रणवीर
रणवीर सिंह पहली बार टीवी पर दस्तक देने जा रहे हैं, ऐसे में शो को लेकर रणवीर के फैंस में जबरदस्त क्रेज है। रणवीर सिंह ने इस शो के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि बतौर कलाकार मेरे सफर में नए चीजों का प्रयोग और उत्साह हमेशा बना रहा है। भारतीय सिनेमा ने मुझे सबकुछ दिया है। बतौर एक्टर भारतीय सिनेमा ने मुझे अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका दिया, लोगों का जबरदस्त प्यार लोगों ने मुझे दिया और इसके लिए लोगों का मैं आभारी हूं। ।

नई पारी को लेकर उत्साहित रणवीर
रणवीर ने कहा कि अब मैं अपने चाहने वालों से अलग माध्यम से जुड़ने जा रहा हूं, मैं लोगों के साथ टीवी के माध्यम से जुड़ूंगा, कलर्स टीवी पर The Big Picture शो के जरिए मैं लोगों के साथ जुड़ूंगा। बता दें कि रणवीर सिंह से पहले शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन, शिल्पा शेट्टी, सलमान खान, आमिर खान तक टीवी पर शो में नाम आजमा चुके हैं। इसमे सबसे लोकप्रिय कौन बनेगा करोड़पति और बिग बॉस है।












Click it and Unblock the Notifications