मोदी के मंत्री बोले- सपा-बसपा साथ आए तो यूपी में भाजपा को 25-30 सीटों का होगा नुकसान
नई दिल्ली। केंद्र सरकार में मंत्री और भाजपा की सहयोगी पार्टी आरपीआई (ए) के मुखिया रामदास अठावले ने कहा है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाजवादी पार्टी साथ लड़े तो भाजपा को नुकसान उठाना पड़ेगा। अठावले ने कहा कि सपा-बसपा गठबंधन में लड़े तो भाजपा को उत्तर प्रदेश में 2014 के मुकाबले 25-30 सीटों का नुकसान होगा। हालांकि अठावले ने जोर देकर कहा कि कोई भी गठबंधन 2019 में एनडीए को सरकार बनाने से और मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनने से नहीं रोक पाएगा।

यूपी में घटेंगी, दूसरे राज्यों में सीटें बढ़ेंगी
रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया के मुखिया अठावले ने कहा कि सपा और बसपा के साथ आने से हमारा नुकसान होगा। गठबंधन को अगले लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में 25 से 30 सीटें मिल सकती हैं, जबकि भाजपा को 50 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। उत्तर प्रदेश में भाजपा की जो 25-30 सीटें कम हो जाएंगी लेकिन बाकी के राज्यों में भाजपा बढ़त बना लेगी और सरकार बनाने में दिक्कत नहीं होगी। एनडीए में टूट को लेकर अठावले ने कहा कि टीडीपी ने हमारा साथ छोड़ दिया है लेकिन एआईएडीएमके हमारे साथ आ सकती है।

मोदी के मुकाबले कोई नेता नहीं उभर रहा
आरपीआई अध्यक्ष का कहना है कि कुछ लोगों का कहना है कि नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता में कमी आ गई है। अठावले ने कहा कि लोग कह रहे हैं मोदी डाउन हो गए हैं लेकिन खास बात ये है कि कोई अप होता नहीं दिख रहा है और जब तक कोई नेता उभरता नहीं है, तब तक इन बातों का कोई मतलब नहीं है।

मायावती भाजपा के साथ आ जाएं
अठावले ने शुक्रवार को कहा कि मायावती को सपा के साथ कुछ नहीं मिलने वाला, उन्हें राजग में शामिल हो जाना चाहिए। अठावले ने कहा कि बसपा की मदद से गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनाव जीतने वाली सपा ने राज्यसभा चुनाव में बसपा के साथ धोखा किया, जिसकी वजह से उनका प्रत्याशी हार गया। उन्होंने कहा कि बसपा मुखिया अगर दलितों का हित चाहती हैं तो उन्हें राजग में आ जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि तब मैं रामविलास पासवान और मायावती मिलकर केन्द्र सरकार से दलितों के कल्याण के लिए ज्यादा काम करा सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications