केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले की मांग- चाइनीज फूड बेचने वाले रेस्टोरेंट को किया जाए बैन
नई दिल्ली: लद्दाख में चीन सीमा पर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प हुई। इस दौरान भारतीय सेना के कमांडिंग ऑफिसर समेत 20 जवान शहीद हो गए। वहीं चीनी सेना के 40 से ज्यादा सैनिकों के हताहत होने की खबर है। चीन को जवाब देने के लिए अब उसके सामानों के आर्थिक बहिष्कार की मुहिम चलाई जा रही है। जिस पर केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले का भी बयान सामने आया है।

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने लोगों से चाइनीज खाने को बायकॉट करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जो रेस्टोरेंट चाइनीज खाने को बेचते हैं, उन्हें बैन किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने चीन के खाने और उत्पादों के बहिष्कार की अपील की। उनके इस बयान पर लोग उन्हें ट्रोल भी कर रहे हैं। एक यूजर ने ट्विटर पर लिखा कि सर चीनी खाना भारत में भारतीय ही बनाते हैं और उसका फायदा भारतीयों को ही होता है। ऐसे में उसका बैन सही नहीं रहेगा।
'चीन धोखा देने वाला देश'
इससे पहले बुधवार को आठवले ने ट्वीट करते हुए लिखा कि 20 जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। चीन धोखा देने वाला देश है। 1962 में भी चीन ने धोखे से हमला किया था, लेकिन भारत अब वो देश नहीं रहा। भारत के पास चीन को जवाब देने के लिए मजबूत सेना है। भारत के लोगों को चीन की सभी वस्तुओं का बहिष्कार करना चाहिए।
नारा भी रहा था चर्चा में
देश में मार्च में कोरोना तेजी से अपने पैर पसार रहा था। इस दौरान मुंबई में एक जागरुकता रैली निकाली गई, जिसमें केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने भी हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने मीडिया के सामने ही 'गो कोरोना गो' के नारे लगाने शुरू कर दिए। जिसका वीडियो खूब वायरल हुआ था। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें जमकर ट्रोल किया था।












Click it and Unblock the Notifications