लक्ष्मण ने बताया 'रामायण' सीरियल के वक्त कितनी मिलती थी सैलरी, बोले- उस समय खर्चे कम होते थे
मुंबई। देशव्यापी लॉकडाउन के बीच दर्शकों के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए एक बार फिर रामायण का प्रसारण किया गया। शो लोगों को इतना पसंद आया कि डीडी नेशनल पहले स्थान पर आ गया। शो के शुरू होने के बाद से लोग सीरियल से जुड़ी कही-अनकही बातें जानना चाहते हैं। सीरियल से जुड़े कलाकार भी कई दिलचस्प किस्से बता रहे हैं। पर्दे के आगे की कहानियों के अलावा पर्दे के पीछे की भी कई कहानियां हैं। इन कहानियों को देखकर हमें उस दौर के बारे में भी पता चलता है।

लोग किरदारों को भगवान की तरह मानते थे
रामानंद सागर की रामायण में कलाकारों को इतना पसंद किया गया कि लोग उनकी पूजा करने लगे थे। इस आध्यात्मिक सीरियल में राम, लक्ष्मण और सीता का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल, सुनील लहरी और दीपिका चिखलिया खुद कई बार इस बात का जिक्र कर चुके हैं कि जब वह गावों और कस्बों में जाया करते थे तो लोग किस तरह उनके पैर पकड़ लेते थे। सीरियल के दोबारा प्रसारण के बाद से सभी कलाकार एक बार फिर चर्चा में बने हुए हैं।

सुनील लहरी ने बताया कितने पैसे मिलते थे
इस बीच लोगों के जहन में ये सवाल भी उठ रहा है कि उस दौर में ये सभी कलाकार इतने मशहूर हुए, जिसकी आज कोई कल्पना भी नहीं कर सकता है। तो उस दौर में इन कलाकारों को जीतोड़ मेहनत करने के लिए कितने पैसे मिला करते थे? इस सवाल का जवाब लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने खुद दिया है। उन्होंने आज तक के साथ बातचीत में इस बारे में बताया है।

'तब उतना खर्चा भी नहीं था'
सवाल का जवाब देते हुए सुनील लहरी ने बताया, 'केवल इतना कहूंगा कि पीनट्स मिलते थे, तब उतना खर्चा भी नहीं था, आज के जमाने की तरह।' सुनील ने नंबर्स में तो नहीं बताया कि उन्हें कितने पैसे मिला करते थे लेकिन इतना जरूर बता दिया कि फीस काफी कम हुआ करती थी। इसके साथ ही सुनील ने ये भी कहा कि उन दिनों खर्चे बहुत ज्यादा नहीं हुआ करते थे। बता दें रामायण सीरियल की शूटिंग साल 1987 में हुई थी।

'हम आज नई सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं'
सुनील लहरी ने मनोरंजन जगत के लगातार आगे बढ़ने की तारीफ करते हुए कहा कि 'आज कोई अभिनेता एक शो करके घर बना लेता है। लेकिन तब हम पूरी रामायण करके भी घर बनाने की सोच नहीं सकते थे। आज की तरह पहले जीवन को सिक्योर करने जैसी सोच भी नहीं थी। हम आज नई सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं।' बता दें टीवी पर 'रामायण' का दोबारा प्रसारण 28 मार्च से शुरू हुआ था। 'रामायण' के खत्म होने के बाद अब उसके आगे की कड़ी 'उत्तर रामायण' दिखाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications