मांझी ने किया माल्यापर्ण तो लालू के लोगों ने धो दी लोहिया की प्रतिमा, मचा बवाल, FIR दर्ज
पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, अपने बयानों से हमेशा विवादों में रहने वाले और जदयू से बगावत करने वाले जीतन राम मांझी ने रविवार को सुपौल में राम मनोहर लोहिया की प्रतिमा पर माला पहनाया था। मांझी द्वारा माल्यापर्ण के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं की तरफ से इसे धोने का मामला सामने आया है।

अब इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में सुपौल के सदर थाना में मामला दर्ज कराई गई है। मांझी का कहना है कि जिन्होंने प्रतिमा धोई, वो समाजवादी नहीं हो सकते। जानकारी के मुताबिक रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री मांझी ने सहरसा जाते समय सुपौल में रुक कर लोहियानगर चौक स्थित लोहिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
मांझी के सहरसा रवाना होने के कुछ देर बाद वहां कुछ छात्र राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के जिलाध्यक्ष अनोज कुमार आर्य, लोहिया विचार मंच के प्रमंडलीय अध्यक्ष दुखीलाल यादव और मुकेश के साथ पहुंचे। इन लोगों ने लोहिया की प्रतिमा धोई और फिर माल्यार्पण किया। ऐसा करने के पीछे राजद कार्यकर्ताओं का कहना है कि मांझी के विचार राम मनोहर लोहिया के विचारों से भिन्न है।
उनके द्वारा लोहिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाना इस महापुरुष का अपमान है। सदर थाने में इस घटना को लेकर एक मामला दर्ज कराया गया है। सदर थाना प्रभारी राजकिशोर बैटा ने सोमवार को बताया, "दंडाधिकारी कालीचरण के बयान पर सदर थाने में इस मामले को लेकर एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
इसमें राज्य में शांति व्यवस्था बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए चार लोगों को नामजद किया गया है।" उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस पूरे मामले में मांझी ने कहा कि लोहिया किसी के छूने से अछूत नहीं हो सकते। जो लोग प्रतिमा को धो रहे हैं, वो समाजवादी हो ही नहीं सकते।












Click it and Unblock the Notifications