Rajya Sabha Election: लोकसभा चुनाव से पहले ही 'INDIA' को लग सकता है झटका, बीजेपी को मिल सकती है खुशखबरी
Rajya Sabha Election date 2024: 27 फरवरी को 15 राज्यों में राज्यसभा की 56 सीटों के लिए चुनाव होने हैं। लोकसभा चुनाव से पहले हो रहा यह चुनाव ऊपरी सदन का समीकरण बदल सकता है, जो भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
राज्यसभा की जिन 56 सीटों पर चुनाव होने जा रहे हैं, उनमें से 28 अभी बीजेपी के पास हैं। वहीं कांग्रेस के पास 10, तृणमूल कांग्रेस के पास 4, भारत राष्ट्र समिति के पास 3, जेडीयू, आरजेडी, बीजेडी के पास 2-2 और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी, समाजवादी पार्टी, एनसीपी, शिवसेना और टीडीपी के पास 1-1 सीटें हैं।

एनडीए के पास अभी राज्यसभा में 114 सांसद
राज्यसभा में 238 निर्वाचित सांसद हैं, जबकि मनोनीत सांसदों की संख्या 12 है। बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए के पास अभी राज्यसभा में 114 सांसद हैं। इनमें से 93 सांसद अकेले बीजेपी के हैं। वहीं कांग्रेस के पास 30 सीटें हैं।
पिछले कुछ महीनों में महाराष्ट्र से लेकर बिहार तक में जो सियासी समीकरण बदले हैं, उससे इस चुनाव में भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए को फायदा मिलते दिख रहा है।
एनडीए को मिल सकता है 6 सीटों का फायदा
अनुमानों के हिसाब से नीतीश कुमार के जेडीयू और अजित पवार की एनसीपी के एनडीए में आने से सत्ताधारी गठबंधन को 6 सीटों का फायदा मिल सकता है। मतलब, एनडीए का संख्या बल निर्वाचित सांसदों के मामले में भी ऊपरी सदन में बहुमत के आंकड़े को आराम से अपने दम पर पार कर सकता है।
अभी तक कई महत्वपूर्ण विधेयकों को पास करवाने के लिए बीजेपी सरकार वाईएसआरसीपी और बीजेडी जैसी न्यूट्रल पार्टियों के भरोसे रहती थी।
महाराष्ट्र-बिहार में ज्यादा फायदे की उम्मीद
सबसे ज्यादा 10 सीटें यूपी में खाली हो रही हैं। इनमें से 9 बीजेपी के पास है और एक सपा के पास। बीजेपी आसानी से 8 सीटें जीत सकती है और 1 सपा के खाते में जा सकती है। 1 सीट के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
महाराष्ट्र और बिहार दोनों राज्यों में 6-6 सीटें खाली हो रही हैं। वहां बदले राजनीतिक समीकरण को बीजेपी को 2-2 सीटों का फायदा होने की संभावना है। महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना 1 सीट कांग्रेस से आए मिलिंद देवड़ा के लिए सुरक्षित करना चाहती है। अजित पवार की एनसीपी भी एक सीट पर चुनाव लड़ने की संभावनाएं तलाश रही है।
बिहार में एनडीए को 3 सीटें मिलने की संभावना है। बदले सियासी समीकरण को देखकर बीजेपी लोकसभा चुनाव में डील फाइनल करने के लिए 1 सीट पर किसी सहयोगी को फिट कर सकती है। इसके लिए जीतन राम मांझी और चिराग पासवान दोनों की पार्टियां लॉबिंग कर रही हैं।
बंगाल में भी भाजपा को हो सकता है फायदा
बंगाल में 5 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। इनमें से 4 तृणमूल और 1 कांग्रेस के पास है। इस चुनाव में टीएमसी 3 से 4 सीटें जीत सकती है तो बीजेपी को 1 से 2 सीटें तक मिल सकती हैं।
बंगाल से भाजपा के अभी एक राज्यसभा सांसद अनंत महाराज हैं। राजबोंगशी समाज के वरिष्ठ नेता का राज्य के कूच बिहार इलाके में खासा प्रभाव है। इस बार के चुनाव में पार्टी को इनके अलावा कम से कम एक सीट और मिलने की संभावना लग रही है।












Click it and Unblock the Notifications