Rajya Sabha Election 2024: 15 राज्यों की 56 सीटों के लिए 27 फरवरी को चुनाव,इन दिग्गजों का खत्म हो रहा कार्यकाल
Rajya Sabha Election 2024 date: चुनाव आयोग ने सोमवार को 15 राज्यों की 56 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव तारीखों का एलान किया है। इसके लिए 27 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। दरअसल, 9 केंद्रीय मंत्रियों समेत विभिन्न दलों के कई दिग्गज नेताओं का कार्यकाल खत्म हो रहा है।
राज्यसभा संसद का एक स्थाई सदन है। इसके एक-तिहाई सदस्य हर दो साल में रिटायर होते हैं, जिसके लिए द्विवार्षिक चुनाव का प्रावधान है। राज्यसभा के सदस्यों का पूर्ण कार्यकाल 6 वर्षों का होता है। इस तरह से ऊपरी सदन का अस्तित्व खभी खत्म नहीं होता और ना ही लोकसभा की तरह इसे भंग किए जाने का कोई प्रावधान है।

किन राज्यों में कितनी सीटें हो रही हैं खाली?
जिन 15 राज्यों की 56 सीटों पर 27 फरवरी को चुनाव होने हैं, उनमें यूपी में सबसे ज्यादा 10 सीटें हैं। इसके बाद बिहार और महाराष्ट्र में 6-6, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश में 5-5, गुजरात और कर्नाटक में 4-4, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, राजस्थान और ओडिशा में 3-3 और उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की 1-1 सीटें शामिल हैं।
राज्यसभा की जिन 56 सीटों के लिए चुनाव की घोषणा की गई है, उनमें से 50 सांसदों का कार्यकाल 2 अप्रैल को और बाकी 6 सदस्यों का कार्यकाल 3 अप्रैल को खत्म हो रहा है।
इनमें से ओडिशा और राजस्थान को छोड़कर अन्य राज्यों के सांसद 2 अप्रैल को रिटायर हो रहे हैं। जबकि, इन दोनों राज्यों के एमपी का कार्यकाल 3 अप्रैल को समाप्त हो रहा है।
केंद्रीय मंत्री जिनका पूरा हो रहा है कार्यकाल
अप्रैल में राज्यसभा से जो दिग्गज सांसद रिटायर होने वाले हैं, उनमें रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया, केंद्रीय मंत्री नारायण राणे, पुरुषोत्तम रुपाला, राजीव चंद्रशेखर और वी मुरलीधरण का नाम शामिल है।
संभावना है कि बीजेपी इनमें से कुछ नेताओं को लोकसभा चुनावों का भी टिकट थमा सकती है।
अन्य दिग्गज जिनका खत्म हो रहा है कार्यकाल
इनके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी और पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी के दिग्गज नेता प्रकाश जावड़ेकर का भी कार्यकाल खत्म हो रहा है।
इसी तरह से कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी, बीजेपी के सुशील मोदी, राजद के मनोज कुमार झा और समाजवादी पार्टी की जया बच्चन का भी कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है।
राज्यसभा में भी भाजपा सबसे बड़ी पार्टी
इस समय राज्यसभा के कुल 238 निर्वाचित सांसदों में भाजपा के सबसे ज्यादा 93 सदस्य हैं। वहीं कांग्रेस दूसरे नंबर पर है, लेकिन उसके सिर्फ 30 सदस्य ही ऊपरी सदन के मेंबर हैं। तीसरे नंबर पर टीएमसी के 13, आम आदमी पार्टी के 10 और डीएमके के 10 राज्यसभा सांसद हैं।
राज्यसभा के लिए 12 सांसदों को राष्ट्रपति मनोनीत करता है, जो किसी भी विशेष क्षेत्र जैसे कि कला, साहित्य, विज्ञान और समाज सेवा में कोई विशेष योगदान दे चुके होते हैं। जुलाई महीने में 4 मनोनीत सांसदों का भी कार्यकाल खत्म होने वाला है।
राज्यसभा का गठन 'प्रबुद्ध लोगों' के सदन के तौर पर किया गया है। राज्यसभा से उम्मीद की जाती है कि वह किसी भी विधेयक पर गंभीर मंथन करेगा और तभी उसे मंजूरी देगा।
वैसे केंद्र की सरकार मूल रूप से लोकसभा के प्रति उत्तरदायी होती है और धन विधेयक के मामले में राज्यसभा के अधिकार थोड़े सीमित हैं।












Click it and Unblock the Notifications