राजनाथ ने लिया जम्मू के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा
श्रीनगर। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ बैठक कर राज्य में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। राजनाथ ने संवाददाताओं से कहा कि मैंने मुख्यमंत्री और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने मुझे हालात के बारे में बताया।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री के साथ श्रीनगर में प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने जाने वाला था, लेकिन खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान भरने में सक्षम नहीं था। राज्य में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन के कारण राज्य में 120 लोगों की मौत हो चुकी है। सामरिक जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजगार शनिवार को लगातार तीसरे दिन बंद रहा। राजनाथ के साथ केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मामलों के मंत्री जितेंद्र सिंह भी थे।
जम्मू में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 120 हुई
जम्मू में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या शनिवार को 120 हो गई। इस बीच मौसम विभाग ने रविवार से हालात में कुछ सुधार होने का अनुमान जताया है। अधिकारियों के मुताबिक, राजौरी जिले के थनामंडी में शुक्रवार को 14 लोगों की मौत भूस्खलन में हो गई। जहां 14 लोगों के शव बरामद किए गए हैं, वहीं कुछ अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है।
पिछले करीब पांच दिन में सुरक्षा बलों ने विभिन्न इलाकों में फंसे 2,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। मौसम विभाग ने शनिवार को जम्मू एवं कश्मीर में और अधिक बारिश होने का अनुमान जताया है, लेकिन उसका कहना है कि रविवार से मौसम की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications