राजनाथ बोले, हम अपने जवान को पाक की कैद से वापस लाएंगे
नई दिल्ली। भारत के गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि पाकिस्तानी सेना द्वारा पकड़े गए भारतीय सैनिक की रिहाई के लिए पूरी कोशिश की जाएगी।

भारतीय सरकार ने गुरूवार रात को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में एक सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम देते हुए कई आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया था, इसमें 38 आतंकियों को भी मार गिराया गया था।
इस ऑपरेशन को स्पेशल कमांडो ने अंजाम तक पहुंचाया। सेना ने दावा किया था कि किसी भारतीय कमांडो को इस ऑपरेशन में खरोंच तक नहीं आई है।
गलती से सीमापार पहुंचे चंदू चौहान
गुरूवार को पाकिस्तानी मीडिया में खबर आई कि भारत का सर्जिकल स्ट्राइक का दावा झूठा है। पाक मीडिया ने अपनी फौज के हवाले से बताया कि बॉर्डर पर हुई गोलीबारी में पाक सेना ने 9 भारतीय सैनिकों को मार दिया जबकि एक सैनिक को पकड़ लिया है।
भारतीय सेना ने पाक मीडिया की बात को गलत बताते हुए बताया कि भारतीय सैनिक चंदू चौहान गलती से बॉर्डर पार कर गए जिनको पाक सेना ने बंदी बना लिया। चंदू सर्जिकल स्ट्राइक का हिस्सा नहीं थे। जबकि किसी सैनिक की जान नहीं गई है।
सेना के मुताबिक, नागरिकों और सौनिकों का अंजाने में बॉर्डर पर दूसरी तरफ चले जाना कोई पहली घटना नहीं है। ऐसा अक्सर हो जाता है।
जनरल रणबीर सिंह ने की पाक समकक्ष से बात
महाराष्ट्र के 22 साल के चंदू चौहान राष्ट्रीय राइफल्स के जवान हैं। चंदू चौहान के पाक सेना के कब्जे में होने को भारत की सरकार और सेना ने गंभीरता से लिया है।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत अपने सैनिक की रिहाई की बात पाक के समक्ष उठाएगा और उसकी रिहाई की हरसंभव कोशिश करेगा।
वहीं खबर है कि भारत के डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष के सामने भारतीय सैनिक के पाक की कैद में होने का मामला उठाया है।
लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने कल रात अपने पाकिस्तानी समकक्ष से बात की और भारतीय सैनिक को भारतीय सेना को लौटाने की बात कही।












Click it and Unblock the Notifications