टीवी जर्नलिस्ट अमन चोपड़ा के खिलाफ राजस्थान में 3 FIR दर्ज, गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने नोएडा में डाला डेरा
नई दिल्ली, मई 08। टीवी जर्नलिस्ट अमन चोपड़ा को गिरफ्तार करने के लिए राजस्थान पुलिस की एक टीम फिर से नोएडा पहुंची हुई है। NDTV की खबर के मुताबिक, अमन चोपड़ा पर दो धार्मिक समूहों के बीच दुश्मनी पैदा करने और धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। रविवार को पुलिस के बड़े अधिकारियों की ओर से यह जानकारी दी गई है।

टीवी शो में गलत जानकारी साझा करने पर केस हुआ दर्ज
रिपोर्ट के मुताबिक, अमन चोपड़ा के खिलाफ राजस्थान के डूंगरपुर कोतवाली पुलिस स्टेशन में यह FIR दर्ज हुई है। यह शिकायत एक स्थानीय व्यक्ति के द्वारा कराई गई है। शिकायत में कहा गया है कि अमन चोपड़ा ने अपने शो में झूठ और काल्पनिक जानकारी देकर यह साबित करना चाह था कि अलवर में जो मंदिर गिराया गया, उसके पीछे राज्य सरकार का हाथ था और ऐसा जहांगीरपुरी हिंसा का बदला लेने के लिए किया गया था।
कोर्ट ने गिरफ्तारी वॉरंट किया जारी- पुलिस
अमन चोपड़ा के खिलाफ इन आरोपों के तहत बूंदी, अलवर और डूंगरपुर जिलों में देशद्रोह, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, दो समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने और आईटी अधिनियम के तहत विभिन्न धाराओं में 3 केस दर्ज हुए हैं। पुलिस ने कहा कि राजस्थान हाईकोर्ट ने बूंदी और अलवर में दर्ज हुई शिकायत में गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी, लेकिन डूंगरपुर जिले में दर्ज शिकायत पर स्थानीय अदालत ने गिरफ्तारी का वॉरंट जारी किया है।
डूंगरपुर के एसपी सुधीर जोशी ने बताया है कि हमारी एक टीम ने अमन चोपड़ा की गिरफ्तारी के लिए नोएडा में डेरा डाला हुआ है। अभी अमन चोपड़ा तक हम नहीं पहुंच पाए हैं, लेकिन उनकी तलाश की जा रही है। कल भी हमारी टीम चोपड़ा के घर गई थी, लेकिन वह वहां नहीं मिले थे और घर पर ताला लगा हुआ था।"
वहीं सुधीर जोशी ने नोएडा पुलिस पर भी सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि हमारी टीम के नोएडा पहुंचने से पहले स्थानीय पुलिस स्टेशन को जानकारी दी गई थी, लेकिन उनकी तरफ से कोई सहयोग नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि नोएडा पुलिस को मामले के विवरण के बारे में पहले ही सूचित कर दिया गया था और यह दूसरी बार था जब पुलिस टीम उनकी गिरफ्तारी के लिए गई थी।












Click it and Unblock the Notifications