भाजपा के सरकार गिराने के सारे हथकंडे फेल हो गए तो 'रेड राज' शुरू कर दिया: कांग्रेस
नई दिल्ली। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भाई के घर ईडी की छापेमारी को कांग्रेस ने भाजपा की बौखलाहट कहा है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बुधवार को कहा, भाजपाा की केंद्रीय सरकार का ये कारनामा हम लगातार 6-7 दिन से देख रहे हैं। जब मोदी और उनकी सरकार के सारे हथकंडे फेल हो गए और वो राजस्थान में जनमत के अपहरण में नाकामयाब हो गए तो उन्होंने रेड राज शुरू कर दिया है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि राजस्थान के विधायकों ने फैसला कर लिया कि वो भाजपा के षडयंत्र में नहीं आएंगे। ऐसे में भाजपा बौखलाई हुई है। इसलिए प्रधानमंत्री मोदी और उनकी सरकार मुख्यमंत्री गहलोत के बड़े भाई के घर ईडी भेज कर छापेमारी करा रहे हैं लेकिन कांग्रेस इससे कतई नहीं डरेगी। सुरजेवाला ने कहा कि एक तरफ कोरोना जनता को मार रहा है तो वहीं बीजेपी जनादेश को मार रही है।
Recommended Video
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, कृष्णा पुनिया को लेकर सीबीआई की जांच आज ही क्यों सामने आई। अग्रसेन गहलोत के घर ईडी क्यों भेजी गई, ये कोई छुपा नहीं है कि ये सब क्यों हो रहा है। जब भी बीजेपी नेतृत्व का षड्यंत्र फेल हो जाता है तब ईडी और सीबीआई को आगे कर दिया जाता है। ऐसा लगता है कि राजस्थान में अपने मंसूबे कामयाब ना होते देख बीजेपी मानसिक दिवालिया हो गई है।
सुरजेवाला ने कहा, अग्रसेन गहलोत का कसूर सिर्फ इतना है कि वह अशोक गहलोत के बड़े भाई हैं। वो ना राजनीति से हैं और ना ही उनका राजनीति से कोई सरोकार है लेकिन उनके घर ईडी सीआरपीएफ और बीएसएफ के साथ छापेमारी कर रही है।
बता दें कि हाल के दिनों में कांग्रेस से जुड़े कई नेताओं और कारोबारियों के घरों पर केंद्रीय एजेंसियों ने रेड की है। बुधवार को जोधपुर में ईडी ने सीएम अशोक गहलोत के रिश्तेदारों के ठिकानों पर छापेरमारी की है। सीएम के भाई अग्रसेन गहलोत के ठिकानों पर छापे मारे गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications