सचिन पायलट पूरी तरह भाजपा के साथ, मुझे नहीं लगता वो वापस आएंगे: गहलोत
नई दिल्ली। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को सचिन पायलट पर कड़े शब्दों में हमला बोला। कांग्रेस से बागी तेवर अपनाने वाले पायलट को लेकर गहलोत ने कहा कि उन्हें नहीं लगता वो वापस आएंगे। कांग्रेस पार्टी की ओर से सचिन पायलट को लगातार अपनी बात रखने को कहा जा रहा हैं। वहीं गहलोत ने सोमवार को कहा कि जिस तरह से पायलट खेमा भाजपा के साथ इस समय दिख रहा है, उससे नहीं लगता कि वो वापस आएंगे।

सचिन निकम्मा है: गहलोत
अशोक गहलोत ने कहा, कभी हमने 7 साल में पीसीसी चीफ बदलने की मांग नहीं की जबकि हमें पता था कि वह निकम्मा और नाकारा है, वो कुछ काम नहीं कर रहा है खाली लोगों को लड़वा रहा है। हमने यहां के लोगों को उनका मान सम्मान करना सिखाया। वो व्यक्ति कांग्रेस की पीठ में छुरा घोंपकर गया।किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि एक भोले चेहरे के पीछे ऐसा साजिशकर्ता छिपा बैठा था। गहलोत ने कहा कि सरकार गिराने का ये खेल तो 10 मार्च को होना था और रात को 2 बजे गाड़िया जानी थीं। राजेश पायलट के स्मारक से सीधे निकलना था और इसके कॉर्पोरेट हाउस स्पॉन्सर थे। बड़े-बड़े कॉरपोरेट उनकी फंडिंग कर रहे हैं। भाजपा की ओर से फंडिंग की जा रही है, लेकिन हमने सारी साजिश को नाकाम कर दिया है। गहलोत ने कहा कि मैं कोई सब्जी बेचने नहीं आया हूं। मैं यहां सीएम बनने आया हूं।

कहां से आ रहा वकीलों की फीस का पैसा
राजस्थान सीएम ने पायलट खेमे की ओर से हरीश साल्वे और मुकुल रोहतगी के अदालत में पेश होने को लेकर कहा कि उनकी एक पेशी की फीस 30 लाख से 50 लाख तक है। इसके लिए पैसा कहां से आ रहा है। हमारे यहां होटल का पैसा पार्टी देगी, लेकिन उनका कौन देगा। गहलोत ने कहा, हमारे यहां जो विधायक हैं वो किसी से भी बात करने के लिए फ्री हैं। वहां से कई लोग हैं जो वापस आना चाहते हैं लेकिन उनको रोक रखा है।

विधायक को ऑफर पर बोले सचिन
वहीं सचिन पायलट ने कहा है कि मुझे बदनाम करवाने और मेरी विश्वसनीयता को कम करने की कोशिश गहलोत खेमा कर रहा है। ये मुख्य मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश है। मेरे खिलाफ करोड़ों का ऑफर देने का आरोप लगाने विधायक पर मैं सख्त कानूनी कार्रवाई करूंगा। मुझे पूरा भरोसा है कि ऐसे आरोप और लगाए जाएंगे लेकिन मैं अपने भरोसे पर कायम रहूंगा और प्रतिबद्ध रहूंगा।












Click it and Unblock the Notifications