'हमारी ‘जूतेबाज’ माता जी', राजा भैया के बेटे ने मां की इज्जत को किया तार-तार, भानवी ने भी दिया मुंहतोड़ जवाब
Raja Bhaiya Wife Bhanvi Singh case: प्रतापगढ़ की सियासत में तूफान आ गया है। राजा भैया उर्फ रघुराज प्रताप सिंह के परिवार का विवाद अब घर की चौखट लांघकर सोशल मीडिया के मंच पर खुलकर सामने आ चुका है। बेटे शिवराज प्रताप सिंह (Shivraj Pratap Singh) ने अपनी मां भानवी सिंह पर गंभीर आरोप जड़ दिए तो भानवी सिंह ने भी बेटे और पति दोनों पर तीखा हमला बोलते हुए जवाब दिया। सवाल है-आखिर राजा भैया के घर में ये चल क्या रहा है?
कुंडा से विधायक और जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के मुखिया राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह का तलाक का मामला दिल्ली की अदालत में लंबित है। लेकिन अब मामला कोर्ट से निकलकर सोशल मीडिया पर पहुंच चुका है। बड़े बेटे शिवराज प्रताप सिंह ने एक्स (Twitter) पर वीडियो पोस्ट कर मां पर संपत्ति हड़पने और दादी (भानवी की मां) पर चप्पल से हमला करने जैसे सनसनीखेज आरोप लगाए।

शिवराज ने लिखा कि "हमारी माता जी सिर्फ कोर्ट में ही नहीं, घर में भी बेहूदगी की सारी हदें पार कर चुकी हैं। ये सिर्फ पेड ट्रोल्स के सहारे अपनी छवि बचा रही हैं। मेरी नानी को जूतों से पीटने का वीडियो इसका सबूत है।"
'जूतेबाज माता जी' कहकर शिवराज ने किया प्रहार
पोस्ट में शिवराज ने अपनी मां को 'जूतेबाज माता जी' तक कह डाला। उन्होंने आरोप लगाया कि भानवी सिंह अपने मायके की पूरी संपत्ति अकेले हथियाना चाहती हैं। यहां तक कि उन्होंने कोर्ट में अपने ससुर यानी राजा भैया के पिता को दहेज लोभी और सम्मानित व्यक्ति नहीं बताया।
शिवराज का दावा है कि उनकी मां बार-बार कोर्ट में हंगामा करती हैं और जज तक उनसे तंग आ चुके हैं। यही नहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि भानवी सिंह ने अपने ही माता-पिता और बहन के खिलाफ झूठे मुकदमे करवाए और संपत्ति के लिए कई बार हिंसक झगड़े भी किए।
पोस्ट में वीडियो जारी करते शिवराज ने लिखा, ''संपत्ति की खातिर अपनी बुजुर्ग और बीमार मां पर जूतों की बरसात करती हुई हमारी अम्मा भानवी कुमारी को देखिए और मन में सोचिए कि क्या यही है महिला सशक्तिकरण? निश्चित है कि माता जी की भाड़े की 'ट्रोल सेना' हमें 'दूध का कर्ज' याद दिलाने का प्रयास करेगी, लेकिन उनको ये 'कर्ज' हमारी 'जूतेबाज' माता जी को याद दिलाना ज्यादा जरूरी है।''

भानवी सिंह का पलटवार: "कपूत बेटा भी होता है"
बेटे के आरोपों के बाद भानवी सिंह चुप नहीं बैठीं। उन्होंने भी एक्स पर लंबा पोस्ट लिखते हुए बेटे को जवाब दिया। उन्होंने लिखा-"प्रिय बेटा बड़कू, नवरात्रि का समय है। पूत कपूत सुने हैं, पर कुमाता पहली बार देख रही हूं। मुझे भरोसा नहीं होता कि मेरा भी कोई बेटा कपूत हो सकता है।"
भानवी ने दावा किया कि जिस वीडियो का जिक्र शिवराज कर रहे हैं, उसमें असलियत कुछ और है। उनके मुताबिक, उस वक्त उनकी बहन (जिसके साथ राजा भैया के अवैध संबंध रहे) ने उन पर हमला किया था और उन्होंने सिर्फ उसका प्रतिकार किया।
भानवी ने बेटे को याद दिलाया कि किस तरह से कभी उन्हें बच्चों के साथ घर से बाहर सड़क पर रातें गुजारनी पड़ी थीं। उन्होंने लिखा-"बेटा, तुम्हें सब याद है। तुम भी मेरे साथ सड़क पर सोए थे। तुम जानते हो कि तुम्हारी मां ने किन हालात में जिंदगी गुजारी है।"
उन्होंने बेटे के करियर और सुख-सुविधाओं को लेकर शुभकामनाएं दीं, लेकिन साफ कहा कि वे दुनिया के सामने अपने चरित्र की हत्या बर्दाश्त नहीं करेंगी।

पति राजा भैया पर लगाए गंभीर आरोप
भानवी ने सिर्फ बेटे को ही नहीं, बल्कि पति राजा भैया पर भी सीधे निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके पति ने उनकी ही बहन के साथ अवैध संबंध बनाए, जिससे उनका और उनकी बहन का जीवन बर्बाद हुआ। उन्होंने दावा किया कि राजा भैया के खिलाफ ऐसे कई वीडियो और सबूत उनके पास हैं, जिन्हें वे धीरे-धीरे सार्वजनिक करेंगी।
उन्होंने यहां तक लिखा कि राजा भैया के अपने ही माता-पिता यानी "बड़े महाराज और दादी" उनसे इतने नाराज थे कि उन्होंने कहा था कि वे अपनी मृत्यु के बाद राजा भैया को अंतिम संस्कार तक न करने दें।
संपत्ति विवाद से निकला असली मुद्दा
राजा भैया और भानवी सिंह के बीच विवाद की जड़ संपत्ति बताई जा रही है। भानवी सिंह के माता-पिता ने पहले ही पुलिस को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी संपत्ति हड़पने के लिए उन पर हमला करती है और करोड़ों की प्रॉपर्टी उनकी अनुमति के बिना बेच चुकी है।
दूसरी ओर, भानवी का कहना है कि असल मुद्दा संपत्ति नहीं, बल्कि राजा भैया की कथित अय्याशियां और आपराधिक गतिविधियां हैं, जिनकी परतें वे अब खोल रही हैं। राजा भैया और भानवी सिंह के बीच तलाक का भी केस चल रहा है।

कौन हैं राजा भैया के बेटे शिवराज प्रताप सिंह?
राजा भैया और भानवी सिंह के चार बच्चे हैं-दो बेटियां और दो बेटे। बड़े बेटे शिवराज प्रताप सिंह और छोटे बेटे बृजराज प्रताप सिंह जुड़वां हैं, जिनका जन्म 2003 में हुआ था। दोनों बेटे राजनीति में सक्रिय दिखाई देते रहे हैं और 2022 विधानसभा चुनाव में पिता का प्रचार भी किया था। अब शिवराज ने सोशल मीडिया पर खुलकर पिता का पक्ष लिया है, जबकि मां के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
राजनीति में भी पड़ने लगेगी गूंज
इस पारिवारिक लड़ाई का असर राजनीति पर भी दिखना तय माना जा रहा है। राजा भैया लंबे समय से कुंडा की राजनीति में एक बड़े 'ठाकुर नेता' के तौर पर देखे जाते हैं। अब जब बेटा मां पर हमला कर रहा है और मां पति पर संगीन आरोप लगा रही है, तो विरोधियों को इस विवाद से नए हथियार मिल गए हैं।
आखिर सच क्या है?
एक ओर बेटा अपनी मां को 'जूतेबाज' कह रहा है, तो दूसरी ओर मां बेटे को 'कपूत' बता रही है। सवाल ये है कि आखिर सच कौन बोल रहा है? क्या ये लड़ाई सिर्फ करोड़ों की संपत्ति तक सिमटी है या फिर इसके पीछे कोई और बड़ी कहानी है?
साफ है कि राजा भैया का परिवार अब निजी झगड़े से निकलकर सार्वजनिक विवाद का हिस्सा बन चुका है। आने वाले दिनों में जैसे-जैसे नए वीडियो और बयान सामने आएंगे, ये जंग और भी तूल पकड़ सकती है। राजा भैया के परिवार की यह जंग अब 'घर की चारदीवारी' से निकलकर सियासी हथियार बनती जा रही है। बेटे का आरोप, मां का पलटवार और पिता की चुप्पी-तीनों मिलकर इस कहानी को और पेचीदा बना रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications