राहुल गांधी ने संसद की अयोग्यता को बनाया पहचान, ट्विटर के बायो में लिखा- Dis'Qualified MP
राहुल गांधी ने अपने ट्विटर अकाउंट के बायो को अपडेट करते हुए 'अयोग्य सांसद'जोड़ दिया है। राहुल गांधी को उनकी 'मोदी सरनेम' टिप्पणी पर मानहानि के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद उन्होंने ये अपडेट किया है।

Congress: राहुल गांधी को लोकसभा से अयोग्य ठहराए जाने के बाद से कांग्रेस ने हर मोर्चे पर भारी आक्रोश जताया है। बीते दिन खुद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मोदी सरकार का जमकर घेराव किया, और कई गंभीर आरोप लगाए। इस बीच अब कांग्रेस नेता ने अपने ट्विटर बायो में बड़ा बदलाव कर दिया है। उन्होंने अपने अकाउंट के बायों में 'डिसक्वालिफाइड एमपी' जोड़ दिया।
संसद सदस्य के रूप में अयोग्य घोषित होने पर किया बायो में बदलाव
दरअसल, राहुल गांधी को उनकी 'मोदी सरनेम' टिप्पणी पर आपराधिक मानहानि के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद संसद सदस्य के रूप में अयोग्य घोषित कर दिया गया था। इसके बाद अब उन्होंने अपना ट्विटर अकाउंट बायो अपडेट किया है। अब उनके ट्विटर अकाउंट के बायो में संसद की 'अयोग्य' सदस्यता के साथ-साथ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की उनकी सदस्यता के बारे में भी जानकारी दी गई है।
राहुल गांधी ने बताया हिंदुस्तान में लोकतंत्र पर आक्रमण
राहुल गांधी ने बीते दिन अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लोकतंत्र पर हमले का जिक्र करते हुए अडानी विवाद को लेकर मोदी सरकार का जमकर घेराव किया। कांग्रेस नेता ने कहा कि, 'मैंने कई बार बोला है कि हिंदुस्तान में लोकतंत्र पर आक्रमण हो रहा है। इसके हमें रोज नए-नए उदाहरण मिल रहे हैं।' 'मैंने संसद में कई बार सबूत दिए, अडानी और PM मोदी के रिश्ते के बारे में बोला। अडानी को नियमों में बदलाव करके एयरपोर्ट दिए गए, इसपर मैंने संसद में बात की, लेकिन पीएम मोदी अडानी पर मेरे अगले भाषण को लेकर डरे हुए हैं और मैंने यह उनकी आंखों में देखा है। इसलिए पहले भटकाव और फिर अयोग्यता की पूरी प्लानिंग से अडानी के मुद्दे से ध्यान हटाया गया।'
राहुल गांधी ने अडानी और मोदी के रिश्ते पर पूछा सवाल
राहुल गांधी ने आगे कहा कि, 'मैं सवाल पूछना बंद नहीं करूंगा। अडानी का नरेंद्र मोदी से क्या रिश्ता है? इन लोगों से मुझे डर नहीं लगता। अगर इनको लगता है कि मेरी सदस्यता रद्द करके, डराकर, धमकाकर, जेल भेजकर मुझे बंद कर सकते हैं। मैं हिन्दुस्तान के लोकतंत्र के लिए लड़ रहा हूं और लड़ता रहूंगा।'
Recommended Video
राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता जाने का क्या है मामला
दरअसल, गुजरात की एक अदालत द्वारा आपराधिक मानहानि मामले में दोषी पाए जाने पर राहुल गांधी को दो साल की जेल की सजा सुनाई गई है, जिसके बाद गांधी ने अपना सांसद का दर्जा भी खो दिया। अयोग्यता के बाद अपनी पहली टिप्पणी में वायनाड के पूर्व सांसद ने कहा कि 'वह कोई भी कीमत चुकाने' के लिए तैयार हैं। पूर्व कांग्रेस प्रमुख की वायनाड सीट भी उनकी अयोग्यता के बाद खाली हो गई है। गांधी को दोषी ठहराने वाली सूरत की अदालत ने उन्हें फैसले के खिलाफ अपील करने के लिए 30 दिनों के लिए जमानत भी दी है।












Click it and Unblock the Notifications